-दहेज हत्या के मामले में आरोपी पति गिरफ्तार
रेवाड़ी 20 अप्रैल (नवीन शर्मा)धारूहेड़ा के वार्ड नंबर चार में एक महिला की मौत के मामले में सेक्टर-छह थाना पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान धारूहेड़ा के वार्ड नंबर-चार निवासी भूपेंद्र के रूप में हुई है। मृतका के भाई ने अपनी बहन के ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी थी। जानकारी अनुसार वार्ड नंबर-चार निवासी भूपेंद्र की पत्नी पूजा की शुक्रवार की शाम को मौत हो गई थी। सूचना के बाद पहुंचे तावडू के वार्ड नंबर-एक निवासी पूजा के भाई नरेश व अन्य परिजनों ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया था। शिकायत में नरेश ने कहा था कि पूजा की शादी भूपेंद्र के साथ वर्ष 2017 में हुई थी। शादी के बाद से ही भूपेंद्र, ससुर सुभाष, सास राजो व अन्य ससुराल पक्ष के लोग पूजा को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। पूजा से दहेज में पांच लाख रुपये व कार की मांग की जा रही थी। कई बार उसे घर से बाहर भी निकाल दिया गया था तथा कमरे में बंद कर भूखा रखा जाता था। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ही पूजा की हत्या की गई है। सेक्टर-छह थाना पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। रविवार की शाम को पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार आरोपी को अदालत में पेश किया जायेगा।