Tuesday, 21 April 2020

रेवाड़ी हेल्थ बुलेटिन 21 अप्रैल

रेवाड़ी हैल्थ बुलेटिन//अभी तक रेवाड़ी कोरोना से सेफ
रेवाड़ी 21 अप्रैल (नवीन शर्मा) जिले में अभी तक कोई भी कोरोना का पॉजिटिव केस नहीं है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक 457 सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 346 की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। बाकि 111 सैंपल की रिपोर्ट आने का इंतजार है। जिलाभर में 1716 होम क्वारंटीन हैं, जो देश के अन्य हिस्सों से यात्रा करके आए हैं। सभी मैडिकल टीम की निगरानी में हैं।

साधु समाज पर हमला निंदनीय, सुरक्षा सुनिश्चित करे सरकार

लॉकडाउन के बाद अखाड़ा परिषद हरिद्वार में बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनाएगा:-महंत धीरजगिरी
रेवाड़ी, 21 अप्रैल(नवीन शर्मा) जिले के गांव गोकलपुर  स्थित प्राचीन शिव मंदिर के महंत एवं जूना अखाड़ा काशी पीठ के श्रीमहंत थानापति स्वामी धीरज गिरि ने दो साधुओं की नृशंस हत्या की कड़ी निंदा की। उन्होंने सरकार से मांग की कि सरकार साधु समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
जारी बयान में धीरजगिरि ने बताया कि महाराष्ट्र के पालघर जिले के एक गांव में जब ब्रह्मलीन संत को समाधि देने जाते साधु-संतों पर पुलिस की मौजूदगी में एक धर्म विशेष के लोगों द्वारा हत्या करना न केवल कानूनन अपराध है बल्कि सामाजिक विकृति को भी दर्शाता है। इस मामले पर न केवल महाराष्ट्र सरकार बल्कि केंद्र की मोदी सरकार को भी कड़ा संज्ञान लेना चाहिए ताकि भविष्य में साधु समाज पर हमला करने की  कोई हिमाकत न करें। उन्होंने कहा कि साुध, संत, संन्यासी हमेशा शांतिपूर्ण ढंग से तप और जनसहयोग से राष्ट्र विकास में योगदान देते हैं। समाज और मानव कल्याण में पूरा जीवन व्यतीत करते हैं। साधु हमेशा समाज को समानभाव और सर्वधर्म का संदेश देते हैं। लेकिन पालघर की घटना ने मानवता और सामाजिकता को कलंकित किया है।
धीरजगिरि ने बताया कि लॉकडाउन के बाद अखाड़ा परिषद हरिद्वार में बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनाएगा। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार को चेताया कि यदि हत्यारों के विरूद्ध शीघ्र कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो साधुसमाज आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगा।

रोटरी क्लब ऑफ रेवाड़ी मेन एवं रेड क्रॉस सोसाइटी ने लगाया मेगा ब्लड डोनेशन कैम्प

-रक्तदान के लिए लेना होगा अपॉइंटमेंट
-3 मई तक चलेगा ब्लड डोनेशन कैम्प
रेवाड़ी 21 अप्रैल(नवीन शर्मा)लॉक डाउन की वजह से सिविल अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्त की अप्पूर्ति सुनिश्चित करने हेतु रेड क्रॉस सोसाइटी रेवाड़ी और रोटरी क्लब ऑफ रेवाड़ी मेन द्वारा रक्तदान शिविर लगाया गया है जो 3 मई तक चलेगा। 
आपको बता दे कि जो भी रक्तदाता रक्तदान के लिए आना चाहता है। उसे 1274-253101 नम्बर पर काल करके अपना अपॉइंटमेंट बुक करना होगा और उसे हॉस्पिटल के द्वारा ब्लड बैंक में आने के लिए पास दिया जाएगा।
सभी रक्तदाताओं को रेड क्रॉस की तरफ़ से रिफ्रेशमेंट, एक सर्टिफ़िकेट और रोटरी क्लब ऑफ रेवाड़ी मेन की तरफ़ से एक गिफ़्ट दिया जाएगा। 
रोटरी क्लब के प्रधान रोटेरीयन अरुण गुप्ता ने बताया की इस मुहिम में शहर की कई समाजिक संस्थाए जैसे माइल्ज़ टू एजुकेट, टीम आर फ़ोर रन, रोड सेफ़्टी आर्गेनाईजेशन, ब्लड डोनर ग्रूप रेवाड़ी पूर्ण रूप से सहयोग कर रही है। इस अवसर पर ब्लड बैंक की संचालक डॉक्टर नीतू सिंह और रोटेरीयन रवि ठकराल भी मोजूद रहे और उपस्थित रक्तदाताओं को गिफ़्ट देकर सम्मानित किया।

Monday, 20 April 2020

रेवाड़ी बिग ब्रेकिंग:- कल निजी अस्पताल में मरने वाले व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव

रेवाड़ी बिग ब्रेकिंग
रेवाड़ी 21 अप्रैल (नवीन शर्मा)जिलाधीश यशेन्द्र सिंह ने बताया कि शहर के निजी अस्पताल (matrika) में कल एक उपचाराधीन मरीज की मौत हो गई थी। प्रशासन ने एहतिहातन उक्त म्रतक व्यक्ति का सैंपल लिया था। उपायुक्त ने बताया कि  सैंपल की रिपोर्ट कोविड नेगेटिव आई है।

खांसी, जुकाम, बुखार, सांस लेने में तकलीफ से पीडि़त व्यक्ति की सीएमओ को देनी होगी जानकारी: जिलाधीश

-- जिलाधीश यशेन्द्र सिंह ने सभी सरकारी व प्राईवेट अस्पताल, नर्सिंग होम, क्लीनिक, फार्मेसी, कैमिस्ट शॉप को जारी किए आदेश 
 रेवाड़ी, 20अप्रैल (नवीन शर्मा) जिलाधीश यशेन्द्र सिंह ने कोरोना की रोकथाम व बचाव के लिए जनहित में आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 व ऐपिडेमिक एक्ट 1897 के तहत प्रदत शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिला की राजस्व सीमा में कार्यरत सभी सरकारी व प्राईवेट अस्पताल, नर्सिंग होम, क्लीनिक,फार्मेसी, कैमिस्ट शॉप व अन्य मैडिकल संस्थान आदि के लिए यह जरूरी है कि किसी  भी व्यक्ति में खांसी, जुकाम, बुखार, सांस लेने की तकलीफ या कोरोना के लक्षण प्रतीत होने की जानकारी तुरंत सीएमओ रेवाड़ी को देने के आदेश जारी किए हैं।
  जिलाधीश ने कहा कि यह संज्ञान में आया है कि काफी सख्ंया में लोग खांसी, जुकाम, बुखार, सांस लेने में तकलीफ आदि से पीडि़त व्यक्ति प्राइवेट अस्पतालों, क्लीनिक  में इन बिमारियों का ईलाज करवा रहे हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण  मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार ऐसे व्यक्तियों की जानकारी तुरंत व उसी दिन सीएमओ रेवाड़ी को देना अनिवार्य है। ताकि कोरोना के संक्रमण को  फैलने से रोका जा सके। 
  जिलाधीश ने कहा कि जिला में सभी सरकारी व निजी अस्पताल,  मैडिकल संस्थान, कैमिस्ट शॉप, फार्मेसी को आईएलआई या कोरोना के लक्षण प्रतीत होने वाले व्यक्ति की जानकारी ऑनलाइन तुरंत गुगल स्प्रेडशीट http://tinyurl.com/yb5pvuov पर अपलोड करना कानूनन अनिवार्य है। कैमिस्ट शॉप संचालक को भी यह जानकारी होती है कि डॉक्टर ने कौनसी बिमारी के लिए दवाई लिखी है। इसलिए कैमिस्ट शॉप संचालक को भी कानूनन जानकारी देनी होगी।
जिलाधीश ने कहा कि ऐसी जानकारी छिपाना व नहीं देना अपराध है।  किसी भी समय जानकारी होने पर संबधित अस्पताल सरकारी व प्राईवेट, मैडिकल संस्थान, नर्सिंग होम, क्लीनिक, कैमिस्ट शॉप आदि के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 व ऐपिडेमिक एक्ट 1897 व अन्य आईपीसी प्रोविजन के तहत  कानूनन कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। 
बाक्स: 
जिलाधीश ने कहा कि ग्राम पंचायत, प्रबुद्घजन, रेजिडेंस वैलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी भी अपना सामाजिक दायित्व का निवर्हन करते हुए किसी भी व्यक्ति में खांसी, जुकाम, बुखार, सांस लेने की तकलीफ या कोरोना के लक्षण प्रतीत होने की जानकारी होने पर तुरंत सीएमओ रेवाड़ी या नजदीक के मैडिकल आफिसर को दें ताकि कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोक सके और हम सब मिलकर रेवाड़ी को कोरोना मुक्त रख सकें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने जिला भर में हैल्थ सर्वे अभियान किया। अब मोबाइल मैडिकल डिस्पेंसरी सेवा शुरू की है। प्रशासन द्वारा कोरोना की रोकथाम के लिए सभी संभव प्रयास किए जा रहे हैं आमजन का भी दायित्व बनता है कि जागरूक होकर ऐसी सूचनाएं स्वास्थ्य विभाग को दें।

 

रेवाड़ी में वायरल हो रहा कोरोना पॉजिटिव मरीज की मृत्यु का मैसेज//जाने क्या है मामला

लॉकडाउन की अवहेलना पर चार के खिलाफ केस दर्ज :डॉ विजय प्रकाश
चारों आरोपियों के सैंपल लेकर आईसोलशन वार्ड में किया भर्ती 
रेवाड़ी, 20 अप्रैल(नवीन शर्मा) सीएमओ एवं कोविड-19 के जिला नोडल अधिकारी डॉ विजय प्रकाश ने बताया कि जिलाधीश यशेन्द्र सिंह के आदेशों की अनुपालना में सोमवार को धारूहेड़ा स्थित चार लोगों पर आपदा प्रबधन एक्ट के तहत लॉकडाउन की अवहेलना का केस दर्ज करवाया गया है। 
  डॉ विजय ने बताया कि  इनमें से तीन लोग गाजियाबाद उतर प्रदेश से धारूहेड़ा में बिना परमिशन या पास के पंहुचे थे और एक नागरिक सुल्तानपुरी नई दिल्ली से धारूहेड़ा पंहुचा है। इन सभी चारों ने आपदा प्रबंधन एक्ट के तहत लागू लॉकडाउन की अवहेलना की है। चारों आरोपियों के विरूद्घ पीएचसी धारूहेड़ा के मैडिकल ऑफिसर डॉ जयप्रकाश की शिकायत पर धारूहेड़ा पुलिस स्टेशन में  आपदा प्रबंधन की  विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया  है। 
डॉ विजय प्रकाश ने बताया चारों हॉट स्पॉट एरिया से आए हैं, इसलिए एतिहातन चारों आरोपियों के सैंपल लेते हुए इनको नागरिक अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड में रखा गया है। 
  डॉ विजय ने बताया कि इसके अतिरिक्त शहर के एक निजी अस्पताल में एक विचाराधीन मरीज की मृत्यु हुई है। निजी अस्पताल का कहना है कि मृतक डेंगू पोजिटिव था। मामला संज्ञान में आने पर एतिहातन मृतक का सैंपल लिया गया है। इसके अतिरिक्त मृतक का ईलाज कर रहे मैडिकल स्टॉफ के 12 सदस्यों  और परिवार के छह सदस्यों के भी सैंपल लिए गए हैं। सैंपल की रिपोर्ट आने तक निजी अस्पताल को बंद करवा दिया गया है और अस्पताल के खिलाफ कानूनन कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

डीसी रेवाड़ी ने की मानवीय आधार अपील, बिजनौर डीएम ने लिया संज्ञान, आकिल के चेहरे पर लौटी मुस्कान

-- डी सी यशेन्द्र सिंह के आहवान पर बावल में रह रहे श्रमिक के परिवार को यूपी स्थित घर पर डीएम बिजनौर ने भिजवाया राशन 
-- डीसी रेवाड़ी ने डीएम बिजनौर की तत्काल मदद पर जताया आभार 
रेवाड़ी, 20 अप्रैल(नवीन शर्मा)लॉकडाउन में मानवीय आधार पर की जा रही मदद की अपील सीमाओं के बंधन को भी पार कर रही है। डीसी यशेन्द्र सिंह के आहवान पर जिला में जरूरतमंदों के  मददगारों  की सूची दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। वहीं उतर प्रदेश जिला बिजनौर के जिलाधिकारी ने भी डीसी रेवाड़ी के आहवान पर अस्थायी शैल्टर होम बावल में रह रहे श्रमिक के यूपी स्थित घर पर परिजनों के लिए राशन भिजवाया है।  
       जिलाधीश यशेन्द्र सिह ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान बावल स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए अस्थायी शैल्टर होम में रह रहे उतर प्रदेश के श्रमिक आकिल निवासी चांदपुर जिला बिजनौर उतर प्रदेश ने एसडीएम बावल रविंद्र कुमार व रेडक्रास सचिव वाजिद अली को बताया कि वह अपने घर जाना चाहता है क्योंकि उनके परिवार के पास खादय सामग्री नहीं है। एसडीएम ने नियमों का हवाला देते हुए हाकिल को बताया कि लॉकडाउन खत्म होने तक यहीं रहना होगा आप नहीं जा सक ते। हाकिल ने कहा कि मेरा परिवार भूखा है, मैं क्या करूं, ऐसे मैं भी भोजन नहीं ले सकता। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम बावल द्वारा यह बात मेरे संज्ञान में लाई गई।
         जिलाधीश ने बताया कि तुरंत आकिल का पूरा पता निकाला गया, जो शैल्टर होम में सभी श्रमिकों का तैयार किया गया है । मामले की सच्चाई जानने और समस्या सही होने पर मदद के लिए जिलाधिकारी बिजनौर से संपर्क किया गया। जिलाधिकारी बिजनौर ने भी तत्काल अपने आधीन तहसीलदार चांदपुर से जांच करवाई । त्वरित जांच में पाया गया कि  आकिल के परिवार को मदद की जरूरत है। 
 जिलाधीश यशेन्द्र सिंह ने बिजनौर जिलाधिकारी से कहा कि आप मदद किजिए ताकि आकिल लॉकडाउन के दौरान बिना किसी परेशानी के अस्थायी शैल्टर होम रह सके। जिलाधीश रेवाड़ी के अनुरोध पर जिलाधिकारी बिजनौर ने तुरंत आकिल के घर पर परिजनों के लिए चावल, आटा, ,दाल, आलू, सरसों का तेल, मसाला, नमक, साबुन आदि पंहुचवाया और उनके परिजनों की आकिल से टेलिफोन पर बात करवाई। बात करते ही आकिल चेहरे पर मुस्कान लौट आई और जिलाधीश रेवाड़ी का शुक्रिया अदा किया। 
जिलाधीश बिजनौर ने बावल में रह रहे उनके जिला के नागरिक की समस्या की प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई करने के लिए जिलाधीश रेवाड़ी का आभार व्यक्त किया। डीसी ने कहा कि  रेवाड़ी के अस्थायी  शैल्टर होम रह रहे सभी श्रमिकों का पूरा विवरण तैयार किया गया है ताकि किसी प्रवासी की मदद तत्काल की जा सके।