Wednesday, 1 April 2020

विधायक चिरंजीव राव ने नागरिक अस्पताल व राहत शिविरों का जायजा लिया

विधायक चिरंजीव राव ने नागरिक अस्पताल व राहत शिविरों का जायजा लिया

रेवाडी, 1 अप्रेल (नवीन शर्मा) विधायक चिरंजीव राव ने बुधवार को एक बार फिर नागरिक अस्पताल का जायजा लिया। विधायक ने अस्पताल के डाक्टरों व स्टाफ से मुलाकात कर पूरी जानकारी ली और जरूरी संसाधनों की मौजूदा संख्या व आगे जरूरत पर बात की।
इसके साथ ही विधायक ने ग्राम पंचायत, सरकार व समाजसेवी द्वारा जरूरतमंद लोगों की सहायता करने के लिए लगाए गए राहत शिविरों का दौरा कर शिविरों का भी जायजा लिया और कहा कि किसी चीज की जरूरत पडे तो उनसे फोन द्वारा कह सकते हैं और प्रशासन को भी सूचना दे सकते हैं। वही सामान राहत शिविरों में भेजी जाएगी, लेकिन जरूरतमंद लोगों को खाने पीने में कमी नही आनी चाहिए।
चिरंजीव राव ने क्षेत्र के लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोरोनो वायरस पीडितों व जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सक्षम लोग जिला प्रशासन के डिजास्टर फंड या फिर कोरोनों रिलिफ फंड में दान करें, ताकि उस पैसे से कोरोनो पीडितों व जरूरतमंद लोगों की सहायता की जा सके। उन्होंने कहा कि ये आपदा किसी धर्म या जाति पर नही है पूरे देश पर है। इसलिए हम सबको एकजुट होकर इसको हराना होगा। ताकि हमारे देश में फिर से वही खुशहाली लोट कर आए यही मेरी सबसे अपील है।


-लॉकडाउन तोड़ने वाले 22 वाहनों के किये चालान,3 को किया इम्पाउंड

-लॉकडाउन तोड़ने वाले 22 वाहनों के किये चालान,3 को किया इम्पाउंड
रेवाड़ी 1 अप्रैल (नवीन शर्मा)लॉकडाउन के चलते बेवजह घर से बाहर निकले वाले वाहन चालकों पर पुलिस की कार्रवाई जारी है। पुलिस ने 22 वाहनों के चालान किए ओर 3 वाहनों को इम्पाउंड किया है। पुलिस की तरफ से लगातार लोगों को लॉकडाउन में बाहर नहीं निकलने की अपील की जा रही है। वहीं 
फिर भी कुछ लोग बेवजह घर से बाहर निकल रहे है। लॉकडाउन को पूर्णतः लागू कराने के लिये ऐसे लोगों पर पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है

-युवक की हत्या करने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

-युवक की हत्या करने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
-वारदात में प्रयुक्त किया चाकू बरामद
रेवाड़ी 1 अप्रैल (नवीन शर्मा)गांव भुरथला में स्टेडियम में एक युवक की चाकुओं से गोद कर हत्या करने के मामले में कोसली थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गांव श्याम नगर निवासी संजीव उर्फ कालिया व केवल उर्फ हन्नी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियो के पास से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। जानकारी अनुसार गांव भुरथला निवासी कैलाश चंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि कुछ दिन पूर्व गांव के लड़के यहां के स्टेडियम में अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान श्याम नगर निवासी संजीव, केवल व पांच-छह अन्य लड़के-लड़कियां भी स्टेडियम में पहुंच गए थे। सभी लड़के-लड़कियां आपस में गलत हरकतें कर रहे थे, जिस पर उनके बेटे विद्यानंद व अन्य युवकाें एतराज जताते हुए उन्हें वहां से चले जाने के लिए कहा था। गांव के बच्चों ने लड़के-लड़कियों को वहां से भगा दिया था। जाते समय आरोपी विद्यानंद को जातिसूचक शब्द बोलते हुये देख लेने की धमकी दी थी। 28 मार्च की शाम को विद्यानंद अपने मौसेरे भाई सुधानंद के साथ गांव के स्टेडियम में गया था। इसी दौरान संजीव व केवल अपने अन्य साथियों के साथ स्टेडियम पहुंचे तथा विद्यानंद के पेट व बाईं ओर चाकू से कई वार कर दिए थे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान अस्पताल में विद्यानंद की मौत हो गई थी। मृतक के पिता कैलाश चंद की शिकायत पर हमलावरों के खिलाफ हत्या व एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने दो आरोपी संजीव व केवल को मंगलवार की शाम गिरफ्तार कर लिया। बुधवार आरोपियो को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें एक दिन के रिमांड पर लिया गया। पुलिस ने रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।

जिलाधीश यशेन्द्र सिंह ने लिया शैल्टर होम की व्यवस्थाओं का जायजा

--किसी भी वस्तु की कमी नहीं होने दी जाएगी, लोग घबराएं नहीं ,सोशल डिस्टेंसिंग का रखे ध्यान 
--कठिन समय : कोराना की रोकथाम के लिए  सभी से सहयोग की अपेक्षा 
रेवाड़ी 1अप्रैल(नवीन शर्मा) जिलाधीश यशेन्द्र सिंह ने बुधवार की शाम लॉक डाउन के  दौरान प्रवासियों के लिए बनाए गए शैल्टर होम का निरीक्षण किया । जिलाधीश  ने  कोसली में बनाए गए शैल्टर होम का निरीक्षण करते हुए कहा कि जिला में लॉकडाउन के दौरान प्रवासी श्रमिकों अथवा जरूरतमंद लोगों के रहने ,भोजन, सफाई व्यवस्था की बेहतर व्यवस्था प्रशासन और रेवाड़ी के लोगों द्वारा मिलकर की जा रही है। कठिन समय में सभी जिलावासियों से सहयोग की अपेक्षा है, अच्छी बात है कि जिलावासी कठिन परिस्थितियों में  दिल खोलकर मदद कर रहे हैं।
जिलाधीश ने कहा कि शैल्टर होम में ठहरे नागरिकों के लिए खादय सामग्री, भोजन, सफाई आदि की पर्याप्त  व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि जरूरत के अनुसार फिलहाल जिला में 22 शैल्टर होम्स बनाए गए हैं, जिनमें लगभग 15 सौ से अधिक नागरिक रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना की रोकथाम के लिए सोशल डिस्टेंसिंग मूल मंत्र है हम कहीं पर हों इसका विशेष ध्यान रखें।
जिलाधीश यशेन्द्र सिंह ने निरीक्षण उपरांत कहा कि प्रत्येक शैल्टर होम के लिए कैंप मैनेजर नियुक्त किया गया है। कैंप मैनेजर शैल्टर होम में 24 घंटे मौजूद रहेगा। प्रशासन का प्रयास है कि महिला व पुरूषों के लिए अलग -अलग व्यवस्था, स्तनपान करा रही माताओं के लिए दूध की व्यवस्था, शुद्घ पेयजल, महिलाओं के लिए सेनेटरी पैडस, टिशु पेपर, डिस्पोजल पेपर, चिकित्सों द्वारा प्रतिदिन शैल्टर होम का दौरा,शैल्टर होम में धर्म गुरूओं के प्रवचन व मनोवैज्ञानिकों से परामर्श दौरे करवाने की व्यवस्था भी की जा रही है। शैल्टर होम में सायं को भजन व संगीत आदि की व्यवस्था भी की जा रही है। सोशल डिस्टेंसिंग,स्वच्छता व सैनिटाईजेशन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। कैंप मैनेजर शैल्टर होम के लिए लिए तैयार किए नियमों की अनुपालना सुनिश्चित करेंगे। 
निरीक्षण के दौरान एडीसी राहुल हुड्डा, एसडीएम कोसली कुशल कटारिया सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। 

मैडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर// सैनिटाइजर व मास्क की मनचाही क़ीमत वसूल रहा था स्टोर संचालक

-प्रवेश मैडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर
--सैनिटाइजर व मास्क की निर्धारित रेट से अधिक कीमत पर बिक्री कर रहा था मैडिकल स्टोर संचालक
--कालाबाजारी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा : जिलाधीश यशेन्द्र सिंह
रेवाड़ी 1अप्रैल(नवीन शर्मा)जिलाधीश यशेन्द्र सिंह के आदेशों की अनुपालना करते हुए जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने कार्यवाही करते हुए एक मैडिकल स्टोर  के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। सरकार द्वारा निर्धारित की गई दरों से अधिक रेट पर सैनिटाइजर व मास्क की बिक्री करने पर प्रवेश मैडिकल स्टोर नंदरामपुरबांस रोड़ धारूहेड़ा के संचालक प्रवेश कुमार पुत्र रमेश कुमार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। 
डीएफएससी ने अशोक कुमार ने बताया कि सरकार की ओर से सैनिटाइजर की 100 एमएएल की शीशी की कीमत 50 रुपए निर्धारित की हुई है जबकि प्रवेश मैडिकल स्टोर संचालक प्रवेश कुमार 100 एमएल सैनिटाजर की शीशी के लगभग 190 रुपए वसूल रहा था। इसी प्रकार मास्क भी निर्धारित कीमत 10 रुपए के 20 रुपए मैडिकल स्टोर संचालक द्वारा वसूल किए जा रहे थे। जिलाधीश यशेन्द्र सिंह ने कहा कि जिला में आवश्यक वस्तुओं व सेवाओं की कालाबाजारी को किसी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा और ऐसा करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए सख्त कदम उठाने  के आदेश दिए गए हैं। आगे भी विभागीय टीमों द्वारा चैंकिंग अभियान जारी रहेगा। 

कालाबाजारी के आरोप में छह सब्जी विक्रेताओं के लाईसैंस रद्द:-सचिव

कालाबाजारी के आरोप में छह सब्जी विक्रेताओं के लाईसैंस रद्द:-सचिव
रेवाड़ी 1 अप्रैल (नवीन शर्मा) जिलाधीश यशेन्द्र सिंह के आदेशों की अनुपालना में लॉकडाउन के दौरान कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए मार्केट कमेटी सचिव रेवाड़ी द्वारा लाईसैंसशुदा सब्जी विक्रताओं द्वारा मनमाने दामों पर सब्जी की बिक्री करने पर 6 सब्जी विक्रेताओं के लाइसेंस रद्द किए हैं।
मार्केट कमेटी सचिव सत प्रकाश यादव ने बताया मार्केट कमेटी ने सब्जी मंडी में भीड़ को कम करने व सब्जी की कालाबाजारी को रोकने के लिए सब्जी के भाव व बिक्री क्षेत्र निर्धारित किए गए थे जिसमें काफी संख्या में रेहड़ी सब्जी विक्रेताओं को मार्केट कमेटी द्वारा लाइसेंस जारी किए थे और यह निश्चित किया गया था कि उक्त विक्रेता कमेटी द्वारा निर्धारित रेट वह क्षेत्र में ही सब्जी बेचेंगे। कमेटी की टीम ने जांच के दौरान पाया कि कुछ सब्जी विक्रेताओं द्वारा सब्जी के मनमाने दाम व निर्धारित क्षेत्र के अलावा अन्य क्षेत्रों में सब्जी बिक्री का कार्य कर रहे हैं जिन पर उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार उन छह रिटेल विक्रेताओं परशुराम, हेतराम, होशियार, रमेश कुमार, जयलाल व अतुल के लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अगर वे कहीं सब्जी बेचते पकड़े गए तो उन पर कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

सरकार ने तंबाकू, गुटखा व पान-मसाले पर लगाया बैन, न बनेगा-न बिकेगा :-जिलाधीश यशेन्द्र सिंह


--आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ फूड सेफ्टी व स्टैंडर्स एक्ट 2006 के तहत होगी कार्यवाही :डीएम

रेवाड़ी 1अप्रैल(नवीन शर्मा)राज्य सरकार ने फूड सेफ्टी व स्टैंडर्स एक्ट 2006 के सेक्शन 30 के तहत पूरे राज्य में 7 सितंबर 2019 से तंबाकू, गुटखा, पान मसाला के उत्पादन, स्टोरेज, वितरण व बिक्री पर एक वर्ष के लिए रोक लगाई हुई है। 
जिलाधीश यशेन्द्र सिंह ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए आदेशों की सख्ती से पालना करवाने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके तहत जिला रेवाड़ी में तंबाकू, गुटखा, पान मसाला के उत्पादन, स्टोरेज, वितरण व बिक्री पर पूर्णत्या रोक रहेगी। उन्होंने स्पष्टï किया कि जिला में किसी भी नाम से तंबाकू, गुटखा व पान मसाला आदि का न तो उत्पादन होगा और न ही स्टोरेज, वितरण व बिक्री होगी। उन्होंने कहा कि आदेशों की अवहेलना करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा और उसके विरूद्घ फूड सेफ्टी व स्टैंडर्स एक्ट 2006 के तहत कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
कोरोना वायरस के संक्रमण का खतरा
जिलाधीश ने कहा कि लोग तंबाकू, गुटखा और पान मसाला आदि खाकर इधर-उधर थूंकते हैं, जिससे गंदगी तो फैलती ही है और इस समय कोरोना वायरस के संक्रमण का भी खतरा बढ़ गया है। इसलिए राज्य सरकार द्वारा यह निर्णय लिया गया है।