Wednesday, 5 January 2022

राष्ट्र विरोधी ताकतों के हाथों में गन्दी राजनीति खेलने लगी कांग्रेस:- वंदना पोपली

 पंजाब सरकार ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा में घोर कोताही बरती
05 जनवरी 2022(नवीन शर्मा)पंजाब में आज , जो कुछ हुआ, वह साफ इशारा कर रहा है कि कांग्रेस राष्ट्र विरोधी ताकतों के हाथों में बैठकर गन्दी राजनीति खेल रही है। प्रधानमंत्री मंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में भी घोर कोताही बरतकर पंजाब सरकार ने यह साफ कर दिया कि वह सत्ता हासिल करने के लालच में अपने आंखों पर पट्टी बांधकर राष्ट्र विरोधी ताकतों के साथ मिलकर देेेश के खिलाफ बड़ीसाजिश रच रही है। 
हरियाणा भाजपा की सह प्रवक्ता वंदना पोपली ने देर शाम यहां जारी एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री के जीवन को खतरे में डालकर कांग्रेस ने पंजाब में नया राजनीतिक इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पूरे देश की धरोहर हैं मगर कांग्रेस ने उनकी सुरक्षा को भी मामूली समझ लिया। 
वंदना पोपली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जीवन को खतरे में डालना कांग्रेस की पंजाब चुनाव को लेकर बड़ी राजनीतिक साजिश है। इससे कांग्रेस का राजनीतिक दुष्चरित्र लोगों के सामने आ गया है। 
उन्होंने कहा कि अक्सर जिस राज्य में प्रधानमंत्री दौरे पर होते हैं, वहां के मुख्यमंत्री खुद पीएम की सुरक्षा को लेकर सजग रहते हैं मगर आज जो हुआ, वह कांग्रेस और पंजाब के मुख्यमंत्री चन्नी की निम्न राजनीतिक सोच की ओर इशारा करता है, जिसे राष्ट्र विरोधी ही कहा जाएगा। भाजपा नेत्री ने कहा कि महामहिम राष्ट्रपति महोदय और महामहिम राज्यपाल महोदय को इस मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री चन्नी से इसकी जवाब तलबी करनी चाहिए क्योंकि यह देश के प्रधानमंत्री की जीवन सुरक्षा से जुड़ा मामला है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण से यह साफ हो गया है कि केंद्र सरकार को त्वरित कदम उठाते हुए कांग्रेस के मुख्यमंत्री और फिरोजपुर षड़यंत्र में शामिल देश विरोधी ताकतों को कानून के दायरे में लाकर उन पर कार्रवाई करनी चाहिए।
भाजपा सह प्रवक्ता वंदना पोपली ने कहा कि कांग्रेस ने इस देश को रसातल में ले जाने कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी और अब वह देश के पी एम मोदी के खिलाफ ही घिनौनी राजनीतिक साजिश रच रही है, जिसे किसी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। वह देश विरोधी ताकतों से मिलकर ऐसा षडयंत्र भी रचेगी, यह सोच से परे था। उन्होंने देश के गृह मंत्री अमित शाह से मांग की कि जन भावनाओं के अनुरूप  इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए। उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र की बेहद शर्मनाक घटना बताया।

उन्होंने कांग्रेस के इस कदम की निम्नतम राजनीति की पराकाष्ठा बताते हुए कहा कि इस सबके लिए कांग्रेस को सार्वजनिक तौर पर देश की जनता से माफ मांगनी चाहिए। भाजपा नेत्री वंदना पोपली ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की हर व्यवस्था में पूर्ण विश्वास रखती है मगर सत्ता हथियाने के लालच में कांग्रेस अब ओछी राजनीति पर उतर आई है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा को दांव पर लगाकर कांग्रेस ने राजनीति का सबसे घटिया हथकंडा इस्तेमाल किया है और इसके लिए उसे पंजाब और पूरे देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। इस घटनाक्रम से यह साफ है कांग्रेस नहीं चाहती कि प्रधानमंत्री पंजाब के दौरे पर आएं। पंजाब में कांग्रेस पार्टी की हार सामने देखकर मुख्यमंत्री चन्नी बौखला गए हैं और इसीलिए उन्होंने अपने राजनीतिक आकाओं को खुश करने के लिए देश के प्रधानमंत्री की राह में रोड़े अटकाने का काम किया, जिसकी जितनी निंदा की जाए, वह कम है।

पत्रकार ने पेश की ईमानदारी की मिसाल,गढ़ी बोलनी रोड पर गिरे पर्स को मालिक को लौटाया

पत्रकार ने पेश की ईमानदारी की मिसाल,गढ़ी बोलनी रोड पर गिरे पर्स को मालिक को लौटाया
रेवाड़ी 5 जनवरी(नवीन शर्मा) ईमानदारी और सच्ची निष्ठा का प्रदर्शन करते हुए पत्रकार पंकज कुमार ने रोड पर मिले पर्स को उसके ऑनर के पास वापिस पहुंचा दिया है।हर रोज की तरह पंकज अपने घर से खबरों के लिए निकला था तभी गढ़ी बोलनी रोड पर उसे पर्स पड़ा दिखाई दिया। उसने स्वयं उठाकर तुरंत पर्स को सेक्टर-3 चौकी पुलिस को सौंप दिया। सेक्टर-3 चौकी पुलिस ने पर्स में रखें दस्तावेजों के माध्यम से उसके मालिक रामकिशन पटवारी जो गांव बोलनी जल विभाग में कार्यात है उसे सौंप दिया। जिसमें 6500 रुपये कैश व अन्य दस्तावेज थे। रामकिशन ने पत्रकार व पुलिस का आभार जताया।

Sunday, 2 January 2022

जानिए कोरोना रोकथाम के लिए क्या है नए नियम//रेवाड़ी डीसी ने दिए अनुपालना के निर्देश

महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा: कोरोना रोकथाम के लिए 12 जनवरी तक नए नियम लागू - चेयरमैन 
- जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चेयरमैन एवं डीसी यशेन्द्र सिंह ने नवीनतम गाइडलाइन की अनुपालना के दिए निर्देश
- नवीनतम निर्देशों में मास्क के अतिरिक्त कोरोना उपयुक्त व्यवहार नहीं करने वालों का होगा चालान, संस्थान पर भी लगेगा 5000 का जुर्माना
 
रेवाड़ी, 02 जनवरी(नवीन शर्मा)
हरियाणा सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा की अवधि नए नियमों के साथ आगामी 12 जनवरी को प्रात: पांच बजे तक बढ़ा दी गई है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चेयरमैन एवं डीसी यशेन्द्र सिंह ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 व 34 में निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिला में नई गाइडलाइन लागू करने के आदेश जारी किए हैं। जिला में नो मास्क-नो सर्विस का नियम लागू रहेगा। वहीं रात्रि 11 बजे से प्रात: 5 बजे तक नाइट कफ्र्यू भी जारी रहेगा।
वैक्सीन नहीं तो एंट्री नहीं- 
  डीसी यशेन्द्र सिंह ने जारी आदेश में सार्वजनिक स्थलों जिनमें सब्जी मंडी, अनाज मंडी, सार्वजनिक परिवहन (बस स्टेंड व रेलवे स्टेशन), पार्क, धार्मिक स्थलों, रेस्टोरेंट्स, बार, होटल, डिपार्टमेंटल स्टोर्स, राशन की दुकानों, शराब व वाइन शॉप, मॉल्स, शॉपिंग कांप्लेक्स, सिनेमा हॉल, हाट, स्थानीय बाजार, पेट्रोल पंप व सीएनजी स्टेशन, एलपीजी सिलेंडर कलेक्शन सेंटर, मिल्क बूथ, योगशाला, जिम व फिटनेस सेंटर, सभी सरकारी, बोर्ड, निगम कार्यालयों, निजी व सरकारी बैंकों में उन्हीं को प्रवेश मिलेगा जिनको दोनों डोज लगी हो। इन आदेशों की अनुपालना संबंधित संस्थाओं के मालिक व प्रबंधन की जिम्मेवारी होगी। ट्रक व आटो रिक्शा यूनियन भी केवल वैक्सीन लगवा चुके लोगों को वाहन में बैठाएंगे।
कोविड रोधी वैक्सीन 15 वर्ष से अधिक आयु के लिए जरूरी- 
  जारी आदेशों में कोविड-19 रोधी वैक्सीन 15 वर्ष से अधिक पात्र व्यक्तियों के लिए आवश्यक होगी। जिन लोगों को पहली डोज लग चुकी हो और दूसरी डोज के लिए निर्धारित अवधि पूरी नहीं हो उन पर दूसरी डोज का नियम लागू नहीं होगा। कोवैक्सीन के लिए 28 दिन व कोवि-शील्ड के लिए 84 दिन का समय निर्धारित है। वैक्सीन स्टेटस की जांच के लिए दूसरी डोज के सर्टिफिकेट की हार्ड या सॉफ्ट कॉपी, दूसरी डोज की अवधि की जांच के लिए पहली डोज का सर्टिफिकेट, जिनके पास स्मार्ट फोन नहीं हो उनको कोविन पोर्टल से भेजे गए टेक्सट मैसेज को वैक्सीनेशन का आधार माना जाएगा इसके अतिरिक्त आरोग्य सेतु एप के माध्यम से भी वैक्सीनेक्शन स्टेट्स की जांच होगी।    
जिला में सभी शिक्षण संस्थान रहेंगे बंद-
  महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा की नवीनतम गाइडलाइन के तहत जिला के सभी सरकारी व निजी स्कूल, कॉलेज, पॉलीटेक्निक, कोचिंग संस्थान, लाइब्रेरी, महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र व क्रेच इस इस अवधि के दौरान बंद रहेंगे। वहीं अंतिम संस्कार के लिए 50 व्यक्तियों व विवाह के लिए 100 व्यक्तियों से अधिक एकत्रित नहीं हो सकेंगे। इन स्थानों पर कोविड उपयुक्त व्यवहार व सोशल डिस्टेसिंग का सख्ती से पालन होना चाहिए। इसी तरह सिनेमा हाल, रेस्टोरेंट्स, बार, जिम, स्पा व क्लब हाऊसेस आदि अपनी क्षमता के 50 फीसदी की सीटिंग सोशल डिस्टेसिंग व कोविड उपयुक्त व्यवहार के साथ संचालन कर सकेंगे।
जहां मिलेगा उल्लंघन संस्था पर भी लगेगा पांच हजार का जुर्माना-
  डीसी ने बताया कि नवीनतम आदेशों में जहां भी कोविड उचित व्यवहार जिसमें मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग व वैक्सीन की भी एक भी डोज नहीं लगवाने वालों के साथ-साथ दूसरी डोज ड्यू होने वालों पर भी 500 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। अगर किसी संस्थान में भी कोविड उचित व्यवहार का उल्लंघन मिला तो संबंधित संस्थान पर भी 5000 रुपए का जुर्माना होगा। जुर्माना न अदा करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 51 व 60 के अतिरिक्त भारतीय दंड संहिता 188 के तहत कार्रवाई होगी। जिलावासियों को कोविड से बचाव के लिए फाइव फोल्ड स्ट्रेटजी पर सुरक्षा चक्र तैयार किया गया है।
खेल परिसरों पर लागू होंगे नियम-
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चेयरमैन एवं डीसी के जारी आदेशों में खेल परिसरों के संचालन के लिए भी गाइडलाइन जारी की गई है। संपर्क वाले खेलों को छोड़ कर खेल परिसर व स्टेडियम ऑउट डोर खेल प्रतियोगिताओं सहित खेल गतिविधियां कोविड उचित व्यवहार की पालना सुनिश्चित करने के साथ जारी रहेंगी। इन गतिविधियों के दौरान सामाजिक दूरी, खेल परिसर का नियमित सेनिटाइजेशन तथा कोविड उचित व्यवहार का पालन सुनिश्चित करना होगा। जारी आदेशानुसार एक समय में 50 व्यक्तियों के साथ धार्मिक स्थलों को खोलने की अनुमति होगी। इन स्थलों पर सामाजिक दूरी नियमित सेनेटाइजेशन तथा कोविड उचित व्यवहार की शर्तों का पालन करना होगा।
इन आदेशों की अनुपालना होगी सुनिश्चित-
  इन आदेशों को प्रभावी रूप से लागू करवाने के लिए पुलिस अधीक्षक, सभी उपमंडल अधिकारी (ना0), ईओ नगर परिषद, सचिव नगर पालिका, बीडीपीओ व सभी इंसीडेंट कमांडर कोविड-19 के नियंत्रण के लिए फाईव फोल्ड स्ट्रैटजी टैस्ट-ट्रेस-ट्रैक-वैक्सीनेशन-कोविड-19 उचित व्यवहार की पालना सुनिश्चित करेंगे। सभी इंन्सीडेंट कमांडर अपने-अपने इलाकों में इन आदेशों को लागू करने के लिये उत्तरदायी होंगे। इन आदेशो की उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आपदा प्रबन्धन अधिनियम 2005 की धारा 51 से 60 और आई पी सी की धारा 188 के तहत कार्यवाही की जाएगी। 

Tuesday, 7 December 2021

शहर में वन वे प्रोजेक्ट 10 दिसंबर तक रहेगा जारी : डीसी


- सुबह 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश शहर में रहेगा वर्जित
- सडक़ दुर्घटना संभावित स्थल राव अभय सिंह चौक पर बनाया सर्कल
रेवाड़ी 7 दिसंबर(नवीन शर्मा)

रेवाड़ी शहरी क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने व जाम रहित व सुरक्षित सडक़ बनाए रखने के तहत वन वे पायलेट प्रोजेक्ट शुक्रवार, 10 दिसंबर तक जारी रहेगा। यह बात डीसी यशेंद्र सिंह ने कही। डीसी यशेंद्र सिंह व एसपी राजेश कुमार ने इस संदर्भ में रेवाड़ी शहरी क्षेत्र में जाम की समस्या के स्थाई समाधान सहित अन्य पहलुओं पर चर्चा कर रहे थे। डीसी ने बताया कि शहर के राव अभय सिंह चौक पर अक्सर सडक़ दुर्घटनाएं हो रही थी, ऐसे में सडक़ सुरक्षा के दृष्टिïगत उक्त चौक पर बेरिकेंटिंग सर्कल तैयार किया गया है।
डीसी श्री सिंह ने बताया कि रेवाड़ी शहर के सरकूलर रोड के वन वे करने के पायलेट प्रोजेक्ट के तहत लोगों द्वारा विभिन्न प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं और इन बातों को मद्देनजर रखते हुए व यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आगामी 10 दिसंबर तक सरकुलर रोड़ पर वन वे ट्रेफिक को पायलेट प्रोजेक्ट के तहत जारी रखा जाएगा। साथ ही शुक्रवार, 10 दिसंबर को यातायात प्रबंधन के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार व अन्य संबंधित विभागाध्यक्षों, व्यापारीगण, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर यातायात प्रबंधन को ओर दुरूस्त करने की रूपरेखा सुनिश्चित की जाएगी। डीसी ने कहा कि सरकूलर रोड पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए प्रात: 7 बजे से लेकर रात 9 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से वर्जित रहेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी अपने वाहन को नो पार्किंग जोन में खड़ा न करें।
डीसी ने बताया कि जिला प्रशासन सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रयासरत है और जहां कहीं भी दुर्घटना संभावित क्षेत्र हैं वहां यातायात व्यवस्ािा को दुरूस्त करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में राव अभय सिंह चौक पर बेरिकेटिंग सर्कल के रूप में तैयार कर वाहन चालकों को सडक़ सुरक्षा के तहत वाहनों के आवागमन की व्यवस्था की गई है।

Sunday, 5 December 2021

सहाकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल ने माता रामाबाई संस्था के प्रतिभा सम्मान समारोह में की शिरकत


रेवाड़ी, 5 दिसंबर(नवीन शर्मा)
सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल ने आजाद नगर में माता रामाबाई सामाजिक उत्थान संस्था की ओर से डा. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के तहत आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि डा. भीम राव अंबेडकर के समय में अमीर-गरीब व जात-पात का भेदभाव होता था। बाबा साहेब ने उच्च शिक्षा के बल पर अमीर-गरीब व जात-पात के विरूद्घ संघर्ष करते हुए समाज को आगे बढाऩे का काम किया। डॉ बनवारी लाल ने कहा कि बाबा साहेब उच्च कोटि के दार्शनिक, समाज सुधारक, शिक्षाविद्घ और कुशल राजनीतिज्ञ थे।
उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के बल पर  ही डा. भीम राव अंबेडकर ने महान देश को महान संविधान देने का चुनौतिपूर्ण कार्य किया। उन्होंने बाबा साहेब के तीन मूल मंत्रों को अपने -अपने जीवन में आत्मसात कर समाज को आगे बढ़ाने का आह्वïान किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के प्रति यही सच्ची श्रद्घाजंलि होगी।  
सहकारिता मंत्री ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार बाबा साहेब के सिद्घांतों पर अमल करते हुए आगे बढ़ रही है। सरकार द्वारा अंत्योदय और सबका साथ-सबका विकास के मार्ग पर चल कर सर्व समाज के जरूरतमंदों के लिए कल्याणकारी योजनाएं बनाकर उन्हें लाभांवित किया जा रहा है।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री ने डा. भीमराव अंबेडकर प्रशासनिक भवन का लोकार्पण भी किया। उन्होंने संस्था की मांगों को सुनते हुए सीएम मनोहर लाल के समक्ष मांगों को पूरा करवाने के लिए पुरजोर पैरवी करने की बात कही और संस्था को निजी कोष से 31 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने समारोह में सांस्कृति कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों व गणमान्य लोगों ने सहाकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल का पगड़ी व फूल मालाओं से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
यह रहे मौजूद :
समारोह में एसडीएम बावल संजीव कुमार, नप रेवाड़ी की चैयरपर्सन पूनम यादव, माता रामाबाई सामाजिक उत्थान संस्था के अध्यक्ष रामपाल, राकेश कुमार, सीएमओ डा. कृष्ण कुमार, शशीबाला, अमर सिंह महलावत, डिप्टी सिविल सर्जन डा. अशोक, डा. टीसी तंवर, आरपी महता सहित अन्य पदाधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Sunday, 28 November 2021

रोटरी क्लब ऑफ रेवाड़ी मेन की पर्यावरण बचाने की मुहिम//साइकिलिस्ट महेश कुमार जाएँगे कश्मीर से कन्याकुमारी

रेवाड़ी, 28 नवंबर(नवीन शर्मा)
कहते है कि "ले लीजिए जितने भी लेना चाहें हमारे इम्तिहान, ठान लिया है हमने अब जीत कर जाएँगे ये जहान" ऐसा ही कुछ अब रेवाड़ी के साइकिलिस्ट महेश कुमार ने ठान लिया है जो अब कश्मीर से कन्याकुमारी 4 हज़ार किलोमीटर की 40 दिन चलने वाली साईकल यात्रा पर जाने वाले है ।

रोटरी क्लब ऑफ रेवाड़ी मेन के प्रधान जेपी चौहान ने कहा कि यह महेश की तीसरी साइकिलिंग यात्रा है। उसे रोटरी क्लब ऑफ रेवाड़ी की तरफ से स्पोंसर किया गया है। यह यात्रा 10 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। यह यात्रा 6 दिसंबर को कश्मीर की डल झील से शुरू होगी और 16 जनवरी 2022 को स्वामी विवेकानंद शिला, कन्याकुमारी में संपन्न होगी। इस यात्रा में 100 से ज्यादा रोटरी क्लब सहयोग करेंगे। उनकी वापसी एक समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिसमें रोटरी क्लब के गर्वनर की तरफ से महेश को सम्मानित किया जाएगा। 

जोनल चेयरमैन डा. नवीन अदलखा ने कहा कि यह यात्रा रोटरी डिस्ट्रिक्ट के पर्यावरण बचाने की मुहिम को सही साबित करने में मील का पत्थर साबित होगी। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों को पर्यावरण बचाने के लिए प्रेरित करना है। इस मौके पर असिस्टेंट गर्वनर राजकुमार यादव, जोनल सक्रेट्री प्रवीन सांघी, रोटरी क्लब ऑफ नारनौल सिटी के प्रधान हितेंद्र शर्मा, क्बल की प्रथम महिला रुचि चौहान, डा. नवीन पिपलानी, अतुल बत्रा, सुरेंद्र यादव, सूर्य कुमार, साइकिलिस्ट महेश के पिता ओमप्रकाश मौजूद थे। क्लब सचिव ज्योति अदलखा ने महेश को क्लब की तरफ से ' जब साइकिल पर होगी यात्रा-प्रदूषण की कम होगी मात्रा  व  'आओ मिलकर मुहिम को सफल बनाए- महेश को दे शुभकामनाएं। स्लोगनों के माध्यम से शुभकामनाएं दी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में होने वाली पर्यावरण संबंधी किसी भी मुहिम का वे हिस्सा बनेंगे। महेश ने इस साइकिलिंग यात्रा में प्रiयोजक की भूमिका निभा रहे अर्बन किंग रेस्तरां के मालिक मनीष चांदना का आभार जताया। 

रेवाड़ी हाफ मैराथन 5 दिसंबर को//1 हफ्ता शेष//ऑनलाइन-ऑफलाइन रेजिस्ट्रेशन जारी

लास्ट प्रैक्टिस रन में दिखा भारी जोश,
रेवाड़ी 28 नवंबर(नवीन शर्मा)
रेवाड़ी में 5 दिसंबर को होने वाली  हाफ मैराथन की तैयारियां पूरी हो चुकी है। आज हाफ मैराथन की लास्ट प्रैक्टिस रन का आयोजन बीएमजी एलिगेंट सिटी में किया गया।
जिसमें अनेक प्रतिभागियों ने भाग लिया। आपको बता दें कि  यह रेवाड़ी हाफ मैराथन चौथी बार होने जा रही है ।यह मैराथन माइल्स टू एजुकेट संस्था द्वारा करवाई जाती है ।
जो उन गरीब बच्चों की पढ़ाई लिखाई का सारा खर्चा उठाती है। जो गरीबी के कारण पढ़ नहीं पाते हैं।

रोटेरियन अरुण गुप्ता ने बताया कि हमारा टारगेट 5 हज़ार रजिस्ट्रेशन का है। जो बहुत जल्द पूरे हो जाएंगे। और आने वाली 5 तारीख को एक विशाल आयोजन होगा।

समाजसेवी प्रियंका यादव ने बताया की जहाँ एक और संस्था गरीब बच्चों को शिक्षा दिलाने का काम कर रही है। वही हेल्थ व साफ-सफाई पर भी पूर्ण रूप से ध्यान दे रही है।

अशोक तंवर ने रेवाड़ी में फीता काट टीएमसी कार्यलय का किया उद्घाटन

किसानों पर जबरदस्ती थोपा गया कृषि कानून, मानसून सत्र में कानून वापस लेने के साथ-साथ एमएसपी पर भी बने कानून:- डॉ. अशोक तंवर
रेवाड़ी 28 नवंबर (नवीन शर्मा)
आज रेवाड़ी पहुंचे पूर्व सांसद व हाल ही में टीएमसी में शामिल हुए अशोक तंवर ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा कहां कांग्रेस सांठ-गांठ कर प्रदेश में लड़ रही है। अशोक तंवर आज एनएच-48 पर स्थित प्लेटिनम विलास में हरियाणा के पहले टीएमसी कार्यलय का उद्घाटन करने पहुँचे थे । कार्यक्रम की अध्यक्षता नवीन अरोड़ा ने की अशोक तंवर ने फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया ओर कहा कि हरियाणा के हर शहर में टीएमसी के कार्यलय खोले जाएंगे व अधिक से अधिक लोगो को पार्टी से जोड़ने व मज़बूती लाने का काम करेंगे। वहीं युवाओं में भी भारी जोश देखने को मिला। फूलों के गुच्छे भेंट कर अशोक तंवर का स्वागत किया गया। 
अशोक तंवर ने भाजपा व कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि भाजपा जिसको भ्रष्टाचारी कहती है उनके नेता उन्ही के साथ बैठकर खाना खाते हैं।तंवर ने कहा खट्टर ओर पहले की सरकारें भ्रष्टाचार में लिप्त रही है । कांग्रेस को उन्होंने जीरो से हीरो बना दिया था। कांग्रेस सांठगांठ कर प्रदेश में लड़ाई लड़ रही है अगर कांग्रेस तरीके से लड़ाई लड़ती तो प्रदेस में कांग्रेस की सरकार होती।प्रदेश में टीएमसी की सरकार बनने पर भ्रष्टाचार की जांच होगी भ्रष्टाचार में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। किसान आंदोलन पर अशोक तंवर ने कहा किसान व आम लोगों को तीन कृषि कानूनो से खासी दिक्कत हुई। किसानों पर जबरदस्ती यह कानून थोंपा गया था ।मानसून सत्र में कानून वापस लेने के साथ साथ एमएसपी पर भी कानून बनना चाहिए।

Saturday, 27 November 2021

रेवाड़ी में 12 से 14 दिसंबर तक मनाया जाएगा 3 दिवसीय जिला स्तरीय गीता महोत्सव : डीआईपीआरओ


- आजादी अमृत महोत्सव रहेगा जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का थीम
- गीता के कर्मयोग संदेश को जन-जन तक पहुंचाना महोत्सव का मुख्य उदेश्य : दिनेश कुमार

रेवाड़ी 27, नवंबर(नवीन शर्मा)

हरियाणा सरकार ने सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के माध्यम से जिला रेवाड़ी में 12 से 14 दिसंबर तक तीन दिवसीय जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन करने का निर्णय लिया गया है।
डीआईपीआरओ दिनेश कुमार ने बताया कि गीता महोत्सव के माध्यम से आम नागरिकों को पवित्र ग्रंथ गीता से जोडक़र गीता के कर्मयोग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का मुख्य उदेश्य रहेगा। तीन दिवसीय जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल व डीसी यशेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में किया जाएगा।
डीआईपीआरओ दिनेश कुमार ने बताया कि विभाग के महानिदेशक डा. अमित कुमार अग्रवाल द्वारा इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि देश की आजादी के इस वर्ष 75 वर्ष पूरे हुए हैं। इसलिए इस जिला स्तरीय अंतरराष्टï्रीय गीता महोत्सव का थीम आजादी का अमृत महोत्सव रहेगा। जिला स्तर पर 12 से लेकर 14 दिसंबर तक तीन दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव के सफल आयोजन के लिए  डीसी या एडीसी की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया जएगा, जिसमें नगराधीश, लेखाधिकारी सदस्य और जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सदस्य सचिव होंगे।
डीआईपीआरओ ने बताया कि जिला स्तर पर होने वाले 3 दिवसीय कार्यक्रमों गीता संगोष्ठी, गीता हवन यज्ञ और पाठ का आयोजन किया जाएगा तथा स्कूली विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग और अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सूचना जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग की तरफ से प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में आजादी के अमृत महोत्सव के साथ-साथ पवित्र ग्रंथ गीता और सरकार की योजनाओं की विषय सामग्री को शामिल किया जाएगा।

Friday, 26 November 2021

संविधान के प्रावधान से मिली हर वर्ग को उन्नति: जगदीश डहीनवाल


रेवाड़ी 26 नवंबर(नवीन शर्मा)
आज संविधान दिवस के अवसर सेवा स्तम्ब के पूर्व प्रधान जगदीश प्रसाद डहीनवाल ने साथियों सहित  संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण की। ओर कहा कि बाबा साहब ने दलित शोषित व पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए संविधान में समतावादी मूलक समाज को सामाजिक आर्थिक व राजनीतिक अधिकार देकर सबसे प्रगतिशील कदम उठाया था। जिसने हर व्यक्ति के विकास का स्रोत खोल दिया है। भारत के संविधान में शोषित पिछड़ा वर्ग  को हर क्षेत्र में बराबरी का अधिकार मिला जिसकी वजह से ही आज अनुसूचित जाति, जनजाति व पिछड़ा वर्ग तरक्की की ओर अग्रसर हो रहा है। आज जरूरत है तो सिर्फ बाबा साहेब के विचारों को जन  जन तक पहुँचाने की ताकि देश प्रदेश के हर व्यक्ति को अपने अधिकारो के बारे में जानकारी हो ओर दलित शोषित समाज पर होने वाले अत्याचारों को रोक जा सके।
इस अवसर पर सेवा स्तम्ब के पूर्व महासचिव आरपी सिरोहा, पूर्व आरपी जिनागल, अभय सिंह डहीनवाल, रामप्रकाश तोंदवाल, ब्रह्मप्रकाश सेवानिवृत्त मैनेजर, एडवोकेट रजवन्त डहीनवाल, चेतन कुमार, मोनू आदि ने बाबा साहेब को पुष्प अर्पित किये।

रेवाड़ी जिला में जल्द ही रखी जाएगी एम्स की आधारशिला : सीएम मनोहर लाल


- सीएम मनोहर लाल ने बावल में हरियाणा प्रगति रैली को किया संबोधित
- रेवाड़ी में खुलेगी लेबर कोर्ट व धारूहेड़ा में जलभराव की समस्या के स्थाई समाधान की प्रक्रिया शुरू
रेवाड़ी, 26 नवंबर(नवीन शर्मा)
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि रेवाड़ी जिला में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की आधारशिला रखी जाएगी। एम्स के निर्माण से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी है। वहीं रेवाड़ी जिला के औद्योगिक विकास को देखते हुए लेबर कोर्ट की स्थापना तथा धारूहेड़ा में आने वाले गंदे पानी की समस्या के स्थाई समाधान के लिए हरियाणा सरकार ने आवश्यक धनराशि भी संबंधित प्राधिकरण को जमा करवा दी है।
मुख्यमंत्री ने यह घोषणाएं रेवाड़ी जिला के बावल में आयोजित हरियाणा प्रगति रैली को संबोधित करते हुए की। अपने संबोधन से पहले मुख्यमंत्री ने करीब 40 करोड़ रुपए की चार विकास परियोजनाओं के उद्घाटन व 112 करोड़ रुपए लागत से तैयार होने वाली 14 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। हरियाणा प्रगति रैली में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जय प्रकाश दलाल, रैली के संयोजक एवं सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, कोसली से विधायक लक्ष्मण सिंह यादव भी उपस्थित रहें।
श्री मनोहर लाल ने संविधान दिवस की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संविधान की वजह से ही हमारा लोकतंत्र, शासन प्रणाली व संघीय ढांचा काम करता है। वर्ष 1949 में आज ही के दिन भारत ने अपना संविधान अंगीकार किया था। उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहब डा. भीमराव अंबेडकर व संविधान निर्मात्री सभा के सभी सदस्यों को नमन करते हुए कृतज्ञता प्रकट की। उन्होंने अमर शहीद राव तुलाराम की धरती दक्षिणी हरियाणा को नमन करते हुए आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में सभी शहीदों को श्रद्घांजलि अर्पित की।
सात साल में खर्च हुए 7000 करोड़ : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने हरियाणा प्रगति रैली में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल व कोसली के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए रखी गई सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और अपने संबोधन में रैली में पहुंचे जनसमूह से सीधा संवाद स्थापित करते हुए कहा कि पिछले सात वर्षों के दौरान बावल विधानसभा क्षेत्र में करीब 2250 करोड़ रुपए के विकास कार्य हुए है। वहीं इस अवधि के दौरान रेवाड़ी जिला में विकास परियोजनाओं पर करीब 7000 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। रेवाड़ी सहित दक्षिणी हरियाणा के पिछड़ेपन को दूर करने के लिए वर्तमान सरकार ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक की सोच पर काम किया है। उन्होंने रैली में रखी मांगों को लेकर कहा कि प्रशासनिक स्तर पर अध्ययन कराने के साथ ही सभी संभव मांगों को पूरा करने का भरोसा दिया। जिसका रैली में उपस्थित जनसमूह ने हाथ उठाकर समर्थन किया। मुख्यमंत्री ने मेरा पानी-मेरी विरासत योजना का जिक्र करते हुए जनसमूह को जल संरक्षण के प्रति प्रेरित किया और मसानी बैराज का उदाहरण देते हुए कहा कि इस जलक्षेत्र में बरसाती पानी के भराव से क्षेत्र के जलस्तर में दो से तीन वर्षों के दौरान 10 से 15 फीट जलस्तर ऊपर आया है।  
मेरिट पर भर्ती हमारा ध्येय, गड़बड़ी करने वालों को नहीं जाएगा छोड़ा :
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सरकारी नौकरियों में पारदॢशता विषय पर बोलते हुए कहा कि मेरिट पर भर्ती हमारा ध्येय है। पिछली सरकारों के कार्यकाल को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री ने खुलकर कहा कि युवाओं के हितों की अनदेखी होती रही। पिछली सरकारों की अनेक भॢतयों को लेकर कोर्ट को हस्तक्षेप करना पड़ा है और अनेक भर्ती रद्द भी हुई। उन्होंने मंच से उत्साहपूर्वक अपने संबोधन में कहा कि  हमारी सरकार के दौरान हुई एक भी भर्ती रद्द नहीं हुई है। जब भी पेपर लीक की शिकायत मिली को परीक्षा को रद्द कर दिया गया। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में भर्ती की पवित्रता को भंग करने वाले 48 लोगों को गिरफ्तार किया गया। हाल में एचपीएससी में नियुक्त एक एचसीएस अधिकारी को भी हिरासत में लिया गया। उन्होंने बताया कि मेरिट पर भर्ती को लेकर हमारा विजन क्लियर है। गड़बड़ी करने वालों के लिए जाल बिछा दिया गया है जो भी फंसेगा उसे छोड़ा नहीं जाएगा।
अंत्योदय व विकास के विजन का रखा खाका :
मुख्यमंत्री ने हरियाणा के विकास व अंत्योदय को लेकर अपना दृष्टिकोण रखते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य व ढांचागत विकास के लिए प्रदेश में समान खाका तैयार किया जा रहा है। जहां भी स्कूल, कॉलेज, अस्पताल की आवश्यकता होगी उसे बिना भेदभाव के एक साथ पूरा किया जाएगा। अब आठवीं के बाद सीधे 10वीं की बजाए बारहवीं तक के स्कूल अपग्रेड होंगे। मुख्यमंत्री परिवार उत्थान योजना के तहत प्रदेश के बीपीएल परिवारों की आमदनी बढ़ाने के लिए 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक अंत्योदय मेले लगाए जाएंगे। जहां पर जरूरतमंद परिवारों की सरकारी योजनाओं की आमदनी बढ़ाने के लिए उन्होंने कहा कि जनता के धन का सदुपयोग करने के लिए एक भी पैसे की चोरी नहीं होने दी जाएगी।  
करीब 37 मिनट के संबोधन के दौरान मुुख्यमंत्री ने धाराप्रवाह सरकार की विभिन्न योजनाओं व स्थानीय जनप्रतिनिधियों की विभिन्न मांगों पर खुलकर अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री का बावल पहुंचने पर रैली के संयोजक एवं सहकारिता मंत्री ने डा. बनवारी लाल ने पगड़ी बांध व गदा भेंट करते हुए स्वागत किया। वहीं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जय प्रकाश दलाल व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव का भी पगड़ी व स्मृति चिन्हों से स्वागत किया गया।
पिछड़ा वर्ग आरक्षण को लेकर केंद्र की तर्ज पर प्रावधान हो लागू : राव इंद्रजीत सिंह
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने क्षेत्र के विकास की सबसे बड़ी परियोजना एम्स के निर्माण को लेकर हरियाणा सरकार के प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि इस परियोजना के निर्माण की प्रक्रिया आरंभ करने के लिए जल्द ही आधारशिला कार्यक्रम रखा जाए। उन्होंने ओबीसी आरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री से केंद्र की तर्ज पर हरियाणा सरकार से भी प्रावधान लागू करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा की है। इस इलाके के किसानों ने पहले भी बाहर आने वाले राजनीतिक तत्वों को क्षेत्र का भाईचारा न खराब करने का मशविरा दिया था। उन्होंने रैली के संयोजक एवं सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल व कोसली के विधायक लक्ष्मण यादव की ओर से रखी गई मांगों का समर्थन करते हुए क्षेत्र के विकास को लेकर रखी गई मांगों के साथ-साथ क्षेत्र में जारी विभिन्न विकास परियोजनाओं से जुड़े विषय भी रखे।
सबका साथ-सबका विकास के सिद्धांत पर कार्य कर रही है सरकार : डा.बनवारी लाल
बावल में आयोजित हरियाणा प्रगति रैली रैली के संयोजक सहकारिता मंत्री डॉ बनवारी लाल ने संविधान दिवस कि शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने जो संविधान हमें दिया है उसी संविधान कि कारण सभी गरीब, पिछड़े व कमजोर वर्ग के अधिकार सुरक्षित हैं। सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हरियाणा श्री मनोहर लाल ने जब से प्रदेश की बागडोर संभाली हैं तभी से सबका साथ-सबका विकास के सिद्धांत पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों समान विकास कार्यों हो रहे हैंं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कि सरकार में जिस क्षेत्र का विधायक बनता था उसी हल्के में विकास कार्य होते थे व युवाओं को नौकरियां मिलती थीं, लेकिन मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सबका साथ-सबका विकास की भावना के साथ प्रदेश के सभी हल्कों में एक समान विकास कार्य हो रहें हैं और मैरिट के आधार पर बिना पर्ची-खर्ची के बच्चों को नौकरी मिल रहीं हैं और दक्षिण हरियाणा में बच्चों को काफी नौकरी मिली है।
सहकारिता मन्त्री डा बनवारी लाल ने कहा कि सरकार ने योजनाओं व सेवाओं को आनलाईन किया है जिससे भ्रष्टाचार कम हुआ है। उन्होंने कहा कि  दक्षिणी हरियाणा में विकास कार्यों के लिए यह क्षेत्र हमेशा उनका आभारी रहेगा।
डा. बनवारी लाल ने बावल हल्के के अन्य विकास कार्यों का मांग  भी मुख्यमंत्री हरियाणा के समक्ष प्रस्तुत कि जिनमें लेबर कोर्ट, बावल बाइ- पास , गांवों के विकास कार्यों हेतू 15 करोड रूपये, किसान रैस्ट हाउस, अनाज मंडी में शैड सहित अन्य विकास कार्य करवाने की बात रखी।
किसानों के लिए किया सबसे ज्यादा काम : जेपी दलाल
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जयपकाश दलाल ने अपने संबोधन में कहा कि केन्द्र व राज्य की वर्तमान सरकारों ने किसानों की भलाई के लिए जितने काम किए हैं उतने पहले की सरकारों ने कभी नहीं किए। दक्षिणी हरियाणा में पानी लाना, 90 प्रतिशत गांवों में 24 घंटे बिजली, मंडियों की व्यवस्था, फसलों केदाम, बाजरे को भांवातर भरपाई से जोडऩा सहित अन्य किसान हितैषी फैसले लिए गए हैं। रैली में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री मनोहर लाल को विकास पुरूष की संज्ञा देते हुए मौजूदा सरकार के कार्यों की सराहना की। राजकीय महिला कालेज को करीब 5 एकड़ निशुल्क जमीन देने पर मुख्यमंत्री ने जय कौशिक को सम्मानित किया।
यह रहे मौजूद :
हरियाणा प्रगति रैली में पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, कोसली से विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, हरकोबैंक के चेयरमैन डा.अरविंद यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष हुकम चंद यादव, वरिष्ठï भाजपा नेता वीर कुमार यादव, पूर्व मंत्री विक्रम सिंह यादव, जसवंत बावल, सुनील मुसेपुर, सतीश खोला, संदीप जोशी, सीएम के राजनीतिक सचिव अजय गौड़, सीएम के ओएसडी गजेंद्र फौगाट, मीडिया कॉरडीनेटर मुकेश वशिष्ठï, नगरपरिषद रेवाड़ी चेयरपर्सन पूनम यादव, भाजपा जिला महामंत्री ईश्वर चनेजा, सशवंत भारद्वाज, वंदना पोपली, अतुल स्वामी हरियाणा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य स्थानीय निकाय व अमर सिंह महलावत, सहित जिला प्रशासन की ओर से आईजी एम.रविकिरण, डीसी यशेंद्र सिंह, एसपी राजेश कुमार व एडीसी आशिमा सांगवान सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

रेवाड़ी में पुलिस वालों ने किया दो लड़कियों से रेप ; पीसीआर गाड़ी में बैठाकर ले गए वेस्ट बंगाल की दो लड़कियों को// हेडकांस्टेबल होमगार्ड समेत तीन पर केस दर्ज

रेवाड़ी में पुलिस वालों ने किया दो लड़कियों से रेप ; पीसीआर गाड़ी में बैठाकर ले गए वेस्ट बंगाल की दो लड़कियों को// हेडकांस्टेबल होमगार्ड समेत तीन पर केस दर्ज
रेवाड़ी 26 नवंबर(नवीन शर्मा)
हरियाणा के रेवाड़ी शहर में पश्चिम बंगाल की दो लड़कियों से रेप का मामला सामने आया है ।इस मामले में रेवाड़ी के मॉडल टाउन थाने में तैनात हेड कांस्टेबल होमगार्ड और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। रेवाड़ी के एसपी राजेश कुमार ने हेड कांस्टेबल को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया । होमगार्ड के खिलाफ कार्रवाई के लिए भी विभाग को लिख दिया गया है ।मिली जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल की दो लड़कियां रेवाड़ी के एक सपा सेंटर में काम करती है । दोनों यहां बाईपास पर एक टाउनशिप में कमरा लेकर किराए पर रहती है । आरोप है कि गुरुवार रात रेवाड़ी के मॉडल थाने में तैनात हेड कांस्टेबल अनिल व होमगार्ड जितेंद्र और धर्मेंद्र नामक एक अन्य व्यक्ति पुलिस पीसीआर लेकर दोनों लड़कियों के कमरे पर पहुंचे और उन्हें कमरे से गाड़ी में बैठा कर ले गए आरोप है कि रास्ते में तीनों ने लड़कियों को प्राइवेट गाड़ी में शिफ्ट किया और शहर के ही एक होटल में ले गए वहां तीनों आरोपियों ने दोनों लड़कियों से रेप किया । रेप जैसे संगीन जुर्म में एक पुलिस वाले के शामिल होने की वजह से रेवाड़ी पुलिस इस केस से जुड़ी ज्यादा जानकारियां देने को तैयार नहीं है।  फ़िलहाल इतना ही पता लगा है कि दोनों लड़कियों की शिकायत पर रेवाड़ी के मॉडल थाना में रात को ही तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था । तीन आरोपी हेडकांस्टेबल अनिल, होमगार्ड जितेंदर और धर्मेंद्र नाम का उनका तीसरा साथी भी गिरफ्तार किया जा चुका है। शनिवार को तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
 हेड कांस्टेबल सस्पेंड होमगार्ड पर कार्यवाही की सिफारिश:-
 हेड कांस्टेबल, होमगार्ड द्वारा लड़की से रेप किए जाने की घटना से रेवाड़ी पुलिस में हड़कंप मचा है । रेवाड़ी के एसपी राजेश कुमार ने इस मामले में हेड कांस्टेबल अनिल को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया साथ ही होमगार्ड जितेंद्र के खिलाफ कार्रवाई के लिए विभाग को सिफारिश भेज दी है ।
डीएससी बोले जांच जारी:
रेवाड़ी के डीएसपी मोहम्मद जमाल खान ने बताया कि हेड कांस्टेबल होमगार्ड और उनके तीसरे साथी पर केस दर्ज किया जा चुका है ।वारदात में पुलिस की जिप्सी और एक स्कॉर्पियो गाड़ी का इस्तेमाल किया गया ।पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि दुष्कर्म की इस वारदात में क्या कोई और भी शामिल रहा?

Wednesday, 24 November 2021

सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने किया बावल शहर का दौरा


- शहरवासियों को सीएम मनोहर लाल के 26 नवंबर के कार्यक्रम का दिया न्यौता
- सात साल बेमिसाल में रेवाड़ी जिला की रही उल्लेखनीय भागीदारी
रेवाड़ी, 24 नवंबर(नवीन शर्मा)
हरियाणा सरकार में सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल ने कहा कि शुक्रवार, 26 नवंबर को बावल हल्का रेवाड़ी जिला को मिलने वाली विकास योजनाओं का केंद्र बिंदू रहेगा। ऐसे में बावल हलके के साथ ही रेवाड़ी जिला की जनता मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उत्साहित है। करोड़ों रूपए की विकास योजनाओं को समर्पित शुक्रवार का दिन रेवाड़ी जिला के लिए विशेष रहेगा। सहकारिता मंत्री ने यह बात बावल शहरी क्षेत्र में पैदल दौरा करते हुए क्षेत्रवासियों को कही। बुधवार को सहकारिता मंत्री पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बावल शहरी क्षेत्र में पहुंचकर लोगों को विकास रैली का न्यौता देते हुए रूबरू हो रहे थे।
सहकारिता मंत्री डा.बनवारी लाल ने कहा कि 26 नवम्बर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल व केन्द्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का बावल आगमन रेवाड़ी जिला की तकदीर व तस्वीर बदलने का काम करेगा। इस दिन मुख्यमंत्री मनोहर लाल व केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह रेवाड़ी जिला को करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं को आमजन को समर्पित करेंगे। आधारभूूत ढांचागत विकास के साथ ही बावल क्षेत्र विकास की ओर उन्मुख है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के सात साल बेमिसाल रहे हैं और रेवाड़ी जिला में भी सरकार की ओर से दी गई विकास योजनाओं के कारण पूरे जिले की उल्लेखनीय भागीदारी रही है। उन्होंने बावलवासियों को 26 नवंबर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल व केन्द्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के बावल में आयोजित होने वाली विकास रैली का न्यौता दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में हरियाणाा प्रदेश का एक समान चंहुमुखी विकास कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों के समय में बावल क्षेत्र विकास के मामले में पिछड़ा हुआ था लेकिन सीएम मनोहर लाल ने बावल क्षेत्र में अनेक विकास कार्य करवा कर इसके पिछड़ेपन को दूर करने का काम किया है।

Tuesday, 23 November 2021

टायर फटने से पलटी मज़दूरों से भरी पिकअप एक महिला की मौत, 30 से ज्यादा घायल, महिलाएं और बच्चे भी शामिल


रेवाड़ी(नवीन शर्मा)
रेवाड़ी में देर शाम पिकअप गाड़ी टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में महिलाएं, बच्चों समेत 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए है। घायलों को रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। एक महिला की मौत हो जबकि एक महिला की गंभीर अवस्था को देखते हुए पीजीआई रोहतक रैफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बथुआ से भरी पिकअप गाड़ी में करीब 34 लोग सवार थे। सभी झज्जर के छुछकवास जा रहे थे। रास्ते में रेवाड़ी-रोहतक हाईवे पर बीकानेर गांव के पास एनएच-71 पर अचानक पिकअप गाड़ी का पीछे वाला टायर फट गया। इससे पहले गाड़ी में सवार लोग कुछ समझ पाते गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना के बाद पुलिस व एंबुलेंस की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घायलों को रेवाड़ी स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। हादसे में घायल एक महिला की मौत हो गई जबकि एक अन्य महिला की गंभीर अवस्था को देखते हुए उसे पीजीआई रोहतक रैफर कर दिया गया है। वहीं ट्रॉमा सेंटर में हादसे की जानकारी के बाद पुलिस व प्रशासन के आला अफसर भी पहुंच चुके है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार यह सभी मजदूर दूसरे राज्य के बताए जा रहे हैं। ट्रामा सेंटर में घायलों के मरीज के लिए निजी अस्पतालों से भी डॉक्टरों की टीम बुलाई गई है।

पुलवामा में शहीद हुए ज़िला रेवाड़ी के हरिसिंह को 2 साल 9 माह बाद मिला शौर्य चक्र


-शहीद की पत्नी राधा बाई को भेंट किया सम्मान
रेवाड़ी 23 नवंबर(नवीन शर्मा) जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए रेवाड़ी के गांव राजगढ़ के हरिसिंह (26) को उनकी शहादत के 2 साल 9 माह बाद शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। सोमवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह के दौरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शहीद की पत्नी राधा बाई को यह सम्मान भेंट किया। हरिसिंह अपने परिवार की सैन्य परंपरा को कायम रखने के लिए सेना में भर्ती हुए थे। उनके दादा श्योलाल सेना में थे और उनके बाद पिता अगड़ी सिंह भी सेना में ही ग्रेनेडियर थे। उनकी मृत्यु हो चुकी है। दादा व पिता के बाद हरि सिंह ने भी सैन्य परंपरा को कायम रखा। शहीद का करीब साढ़े 3 साल का बेटा है। हरिसिंह अपने पिता को ही आदर्श मानते थे। 
पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले के पश्चात सेना आतंकवादियों का सफाया कर रही थी। आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान 18 फरवरी 2019 को 55 आरआर बटालियन में तैनात हरिसिंह शहीद हो गए थे। रक्षा मंत्रालय की ओर से 15 अगस्त 2019 को शहीद हरी सिंह को शौर्य चक्र दिए जाने को मंजूरी दे दी गई थी। पहले मार्च 2020 में शहीद की पत्नी को शौर्य चक्र प्रदान करने की चर्चा थी, मगर आयोजन नहीं हो पाया। इस बीच कोविड-19 की दूसरी लहर का भी असर रहा। अब वह घड़ी आई, जब पत्नी के हाथ में शहीद पति के अदम्य साहस का सम्मान पहुंचा। सम्मान के वक्त राधा कुछ भावुक भी नजर आई, मगर पति की वीरतापूर्ण शहादत का फख्र भी उनके चेहरे पर साफ नजर आया।

 लश्कर के 2 आतंकी पकड़े तो थपथपाई थी पीठ

13 नवंबर 2018 को सेना की तरफ से आतंकियों के खिलाफ एक ऑपरेशन लॉन्च किया गया था। इसमें आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों को भारतीय जवानों ने गिरफ्त में लिया था। इस ऑपरेशन में ग्रेनेडियर हरिसिंह भी शामिल थे। इसके लिए कमांडिंग ऑफिसर कर्नल आरबी अलावेकर की तरफ से उन्हें प्रशस्ति पत्र भेजा था। पत्र में लिखा कि यह उपलब्धि आपके असाधारण साहस और कौशल को प्रदर्शित करती है।

शहीदों के बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा राष्ट्र : डा. बनवारी लाल


- सहकारिता मंत्री ने गांव आसलवास राउवि का नामकरण शहीद महेश के नाम पर किया
- प्रदेश सरकार मनोहर लाल के नेतृत्व में शहीदों को दे रही पूरा मान सम्मान, 
रेवाड़ी, 23 नवंबर (नवीन शर्मा)हरियाणा सरकार में सहकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री डा. बनवारी लाल ने कहा कि शहीद किसी परिवार, क्षेत्र व प्रदेश विशेष का नहीं बल्कि पूरे देश की अमूल्य धरोहर है जो युवा शक्ति को देशप्रेम की सीख देता है। देश की सीमाएं हमारे वीर सैनिकों की बदौलत सुरक्षित हैं और इनकी बदौलत ही हम सभी आजादी की खुली हवा में सुख व चैन की सांस ले रहे हैं। राष्टï्र शहीदों के बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।
सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल मंगलवार को गांव आसलवास के राजकीय उच्च विद्यालय का नामकरण शहीद महेश के नाम पर करने उपरांत आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि यह गौरव की बात है कि गांव के शहीद महेष ने देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्होंने कहा कि वे शहीद के परिजनों के प्रति कृतज्ञता जाहिर करते हैं। सहकारिता मंत्री ने इस अवसर पर शहीद महेश की वीरांगना को सम्मानित भी किया।
उन्होंने कहा कि हमारे देश के वीरों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। देश के वीर सैनिक जब सीमाओं की निगरानी में जगते हैं तब हम अपने घरों में चैन की नींद सोते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी शहीद महेश के जीवन से हमेशा सीख लेगी कि किस प्रकार हमारे वीर जवान हमारी सुरक्षा के लिए अपना सब कुछ बलिदान करने के लिए सदैव तैयार रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे शहीद के परिजनों के त्याग को नमन करते हैं।
*सरकार दे रही है वीर शहीदों को पूरा मान-सम्मान*
डा. बनवारी लाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत पहले से और अधिक शक्तिशाली और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार सैनिकों को पूरा मान-सम्मान दे रही है। श्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने से पहले रेवाड़ी में आयोजित सैनिक सम्मान रैली में सैनिकों के लिए वन-रैंक वन पैंशन की घोषणा की थी और प्रधानमंत्री बनते ही उस घोषणा को पूरा कर दिखाया, जिसका लाभ सबसे अधिक अहीरवाल के इस सैनिक बाहुल्य क्षेत्र को मिल रहा है।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मनोहर लाल के नेतृत्व में शहीदों को पूरा मान सम्मान दे रही है। सरकार द्वारा सहायता राशि को बढ़ाकर 20 लाख से 50 लाख किया गया है तथा शहीद परिवारों के 250 आश्रितों को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं में भी शहीदों के आश्रितों व परिवारों को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि रेवाड़ी जिला के 86 राजकीय विद्यालयों का नामकरण क्षेत्र के अमर शहीदों के नाम से रखकर सरकार ने वीर सपूतों की शहादत को नमन किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल अंत्योदय की भावना के अनुरूप कार्य करवा रहे हैं, जिसके लिए प्रदेश में परिवार पहचान पत्र योजना लागू की गई है, जिसके तहत 50 हजार रुपए सालाना आय से कम गरीब परिवारों को सरकार की योजनाओं का लाभ सबसे पहले दिया जाएगा। गांव के दौरे के दौरान उन्होंने गांव की समस्याएं सुनीं और उन्हें पूरा करने का आश्वासान दिया।

Monday, 22 November 2021

प्रधानमंत्री ने कृषि कानूनों को वापस लेकर मुद्दा विहीन विपक्ष की राजनीति को खत्म करने का किया काम:- वंदना पोपली

रेवाड़ी 23 नवम्बर(नवीन शर्मा)भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता वंदना पोपली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कृषि कानूनों को वापस लिए जाने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने बड़ा दिल करते हुए गुरुपूरब के दिन कृषि कानूनों को वापस लिया है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदैव राष्ट्र को तरज़ीह दी है। अपने संबोधन में जिस प्रकार मोदी जी ने कहा किसानों के लिए किया था और देश के लिए वापस ले रहा हूं इन्हीं शब्दों में प्रधानमंत्री मोदी जी की मूल भावना है।

भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने लगातार किसानों के हित में काम किए हैं चाहे किसानों के सीधा खाते में एक लाख बासठ हजार करोड पहुंचाने का काम हो या एमएसपी को बढ़ाने का काम हो किसानों के हित में मोदी सरकार सदैव खड़ी रही। कृषि बजट 5 गुना बढ़ाया गया प्रतिवर्ष खेती पर डेढ़ लाख करोड़ का खर्च किया जा रहा है । फसलों की रिकॉर्ड तोड़ खरीदारी मोदी सरकार के समय में ही हो रही है। 1 हजार से ज्यादा मंडियों को ई नेम से जोड़ा गया पशुपालक, मछली पालन को किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ मिलना शुरू हो गया है। माइक्रो इरिगेशन के फंड आवंटन को दुगना करके 10 हजार करोड़ किया गया है। फसल बीमा योजना के द्वारा किसान जोखिम फ्री खेती की तरफ बढ़ चुका है। पूरे देश में सोयल हेल्थ कार्ड बनवाए गए हैं। इसके अलावा ढांचागत विकास में भी कोई कमी नहीं छोड़ी गई है।

फसलों के उत्पादन के साथ साथ  उत्पादक या किसान की ताकत बढ़ाने के लिए काम करने वाली मोदी सरकार कृषि कानूनों को लाई उसके पीछे एक ही मकसद था कि देश के छोटे किसानों को और ताकत मिले,उनको अपनी उपज की सही कीमत मिले तथा उपज को बेचने के विकल्प मिले। मोदी जी ने स्वीकार किया है कि हम नेक नियत से इन कानूनों को लाए लेकिन कुछ किसानों को हम इन कानूनों के फायदे समझा नहीं पाए। वो कृषि कानून जो सुप्रीम कोर्ट ने निरस्त किए हुए थे तथा आंदोलनकारियों के साथ बातचीत के दौरान सरकार ने प्रस्तावित किया था कि इन कानूनों को डेढ़ साल के लिए सस्पेंड कर देते हैं। लेकिन बार-बार दबाव बनाया गया कि इन कानूनों को वापस लिया जाए विपक्षी पार्टियों के पास और कोई मुद्दा नहीं है इसलिए उन्होंने भी इन कृषि कानूनों को मुद्दा बनाया लेकिन प्रधानमंत्री मोदी जी ने विपक्षी पार्टियों की राजनीति को खत्म कर दिया है। मुद्दा विहीन विपक्ष मोदी जी के इस कदम से हतप्रभ है

वंदना पोपली ने कहा कि ये देश के प्रधानमंत्री की इच्छा शक्ति थी किसानों के लिए,उन को सशक्त करने के लिए लेकिन राष्ट्रहित के लिए उन्होंने इन कानूनों को वापस लेना स्वीकार किया। बहुत से लोग कहते हैं कि आने वाले चुनावों को देखकर यह कार्य किया गया लेकिन मेरा मानना यह है पिछले 1 साल में बहुत से चुनाव हुए जिसमें से अधिकतर पर भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई। हरियाणा में भी इनेलो की परंपरागत सीट ऐलनाबाद पर भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़ा और वह कांग्रेस पार्टी जो अपने आप को किसानों के समर्थन में दिखाती रही उस पार्टी की जमानत जप्त हो गई। किसानों को भी यह समझना होगा कि अगर पूर्ववर्ती सरकारों की नीतियां अच्छी होती तो किसानों के हालत ऐसे ना होते। जिन कृषि कानूनों को मोदी जी लेकर आए थे उन कृषि सुधारों के लिए समय-समय पर किसान,किसान संगठन,अर्थशास्त्री और किसान विशेषज्ञ लगातार मांग उठाते रहे हैंभारतीय जनता पार्टी की सरकार आने वाले समय में भी किसानों के लिए लाभकारी नीतियां बनती रहेंगी।

Thursday, 18 November 2021

सिंधु और टिकरी बॉर्डर पर जश्न// पीएम मोदी के तीनों कृषि कानून वापस लेने के ऐलान पर खुशी से झूमें किसान; बोले- हमारा संघर्ष जीता

सिंधु और टिकरी बॉर्डर पर जश्न// पीएम मोदी के तीनों कृषि कानून वापस लेने के ऐलान पर खुशी से झूमें किसान; बोले- हमारा संघर्ष जीता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 नवंबर को गुरु पर्व के मौके पर देश भर के किसानों को बड़ा तोहफा दिया है।पीएम मोदी ने तीनों नए कृषि कानूनों को वापस लेने का ऐलान कर दिया है। यह ऐलान होते ही दिल्ली के सिंधु और टिकरी बॉर्डर पर पिछले 1 साल से डटे किसान खुशी से झूम उठे। जश्न का माहौल है ।किसान एक दूसरे के गले मिलकर खुशी जाहिर कर रहे हैं । किसानों ने इसे लंबे संघर्ष की जीत बताया साथ ही बॉर्डर पर संयुक्त किसान मोर्चा ने इमरजेंसी मीटिंग बुला ली है ।
प्रधानमंत्री ने शुक्रवार सुबह राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार तीनों कृषि कानूनों को नेक नियत के साथ लाई थी।लेकिन भरपूर प्रयास के बाद भी यह बात हम किसानों को समझा नहीं पाए यह कहते ही पीएम मोदी ने कृषि कानून वापस लेने का ऐलान कर दिया और टिकरी बॉर्डर जश्न शुरू हो गया। आमतौर पर सुबह 9 बजे के आसपास दोनों बॉर्डर पर किसानों के मंच पर हल्की चहल-पहल होती है।लेकिन कृषि कानूनों पर वापस लेने की बात सुनते ही बड़ी संख्या में किसान मंच की तरफ पहुंचने शुरू हो गए हैं। किसानों में खुशी की लहर सिंधु और टिकरी बॉर्डर पर कई किलोमीटर एरिया में किसानों के टेंट लगे हुए हैं। हालांकि पहले के मुकाबले किसानों की संख्या बहुत कम है सर्दी का सीजन शुरू होते ही मंच 10 बजे के बाद ही सजता है। लेकिन शुक्रवार को कृषि कानून की वापसी के बाद किसानों ने अपने टेंट में ही जश्न मनाना शुरू कर दिया। साथ ही किसान आंदोलन स्थल पर बनाए गए मुख्य मंच की तरफ बढ़ रहे हैं। कुछ देर बाद रोजाना की तरह मंच पर भाषण शुरू होगा। लेकिन अब सरकार को कोसने की बजाए कानूनों की वापसी के संघर्ष और खुशी का इजहार किया जाएगा।

1 साल चला किसानों का संघर्ष

पिछले साल नवंबर में ही पंजाब की धरती से तीनों कृषि कानूनों का विरोध व किसानों का संघर्ष शुरू हुआ था। बाद में दिल्ली के सिंधु और टिकरी बॉर्डर पर किसानों ने डेरा जमा लिया। 1 साल से सर्दी-गर्मी के बीच किसान तीनों कृषि कानूनों को वापस कराने की मांग पर अडे रहे। पिछले 10 माह से किसानों और सरकार के बीच कानून वापसी को लेकर कोई बातचीत भी नहीं हुई । लेकिन शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम संबोधन में तीनों कृषि कानून को वापस लेने का ऐलान करके सबको चौंका दिया।

600 किसानों की चली गई जान 

कृषि कानूनों के विरोध में शुरू हुए किसान आंदोलन में अभी तक 600 से ज्यादा किसानों की जान जा चुकी है। किसी की हार्टअटैक से तो किसी की एक्सीडेंट में मौत हुई। इतना ही नहीं बहुत से किसानों ने आत्महत्या कर ली । आंदोलन लंबा चलने की वजह से किसानों में भी सरकार के प्रति रोष बढ़ता जा रहा था । इतना ही नहीं किसानों ने 1 साल पूरा होने पर 26 नवंबर को आंदोलन तेज करने के साथ ही 500 किसानों के साथ संसद कूच करने का ऐलान किया था। लेकिन शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री के किसी कानूनों को वापस लेने की बात करते ही किसानों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं है।

रेवाड़ी:- परिवार से मांगी एक करोड की फिरौती, नहीं मिली तो कर दी युवक की हत्या


रेवाडी 19 नवम्बर(नवीन शर्मा)
रेवाड़ी जिले के गांव कान्हड़वास निवासी एक 30 वर्षीय युवक की एक करोड़ की फिरौती के लिए दिल्ली में हत्या कर दी गई। आरोपियों ने युवक को बंधक बना लिया था। पुलिस और परिजन जब तक युवक तक पहुंच पाते, उससे पहले ही उसे मार दिया गया। मृतक का पूरा परिवार इस घटना से सहमा हुआ है तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परिवार से मांगी एक करोड़ की फिरौती 
 गांव कान्हड़वास निवासी योगेश के पिता का दिल्ली में डेयरी का बूथ था। उन्होंने वहां कई सालों तक कारोबार किया है। योगेश भी अपने पिता की मदद के लिए दिल्ली आता जाता था। योगेश के चाचा बीएस यादव ने बताया कि योगेश 16 नवंबर को दिल्ली में अपने खेतों में काम कराने के लिए मजदूर लेने गया था।
वह बिहार के कुछ युवकों के संपर्क में था। उन्हीं से बातचीत के बाद वह दिल्ली रवाना हो गया। आरोपियों ने योगेश का अपहरण कर लिया तथा उसे एक फ्लैट पर ले गए। उसी दिन आरोपियों ने योगेश के घर पर फोन कर 1 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। पता लगने पर पुलिस और परिजन पहुंचे तो वहां योगेश की हत्या किए जाने का पता लगा। परिजनों ने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

रेवाड़ी कोर्ट से गैंगस्टर फरार: चवन्नी मर्डर केस में आठ दोषी करार//जज की बात सुनते ही कार्यवाही के बीच से आलू गैंग का सरगना भागा


रेवाड़ी 19 नवंबर(नवीन शर्मा) 
एक बार फिर पुलिस सुरक्षा पर सवाल खडा हो गया है। कडी सुरक्षा के बावजूद गैंगस्टर सुनील डुलगच रेवाडी अदालत परिसर से फरार हो गया। आरोपी के फरार होने की सूचना से पुलिस प्रशासन मे अफरा तफरी मच गई।
हरियाणा के रेवाडी में हुए चवन्नी मर्डर केस में कोर्ट ने 8 लोगों को दोषी ठहराया है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस मामले में कोर्ट की सुनवाई के बीच ही दोषी ठहराया गया आलू गैंग का सरगना सुनील डुलगच गुपचुप तरीके से फरार हो गया। जबकि अन्य 7 दोषियों को पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है। 24 नवंबर को इस मामले में कोर्ट फैसला सुनाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2017 में रेवाड़ी शहर की दुर्गा कालोनी में रहने वाले देवेंद्र और नई आबादी निवासी संजय उर्फ चवन्नी बाइक पर धारूहेड़ा चुंगी से पुरानी तहसील की तरफ जा रहे थे। रास्ते में वाल्मीकि बस्ती निवासी सुनील डुलगच, योगेश उर्फ भोटा, तन्नू, अरुण के अतिरिक्त पवन, चेतन व सन्नी खड़े थे और दोनों पर गोली चला दी थी। दोनों गोली से बाल-बाल बच गए थे। गोली से बचने के बाद बदमाशों ने लोहे की रॉड व सरियों से हमला कर दिया था, जिसमें नई आबादी निवासी संजय उर्फ चवन्नी की मौत हो गई थी। सिटी पुलिस ने उक्त नामजद आरोपियों पर हत्या, हत्या का प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था।

एडिशनल जज की कोर्ट से फरार:

गुरुवार को चवन्नी मर्डर केस में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सरताज बासवाना की कोर्ट में सुनवाई थी। कोर्ट में सभी आरोपी मौजूद थे। कोर्ट द्वारा सभी 8 नामजद लोगों को मर्डर में दोषी करार दिया गया। जिस समय कोर्ट ने उन्हें दोषी करार दिया उसी बीच वाल्मीकि बस्ती निवासी आलू गैंग का सरगना कुख्यात बदमाश सुनील पुलिस को चकमा देकर वहां से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने अन्य 7 दोषियों को अपनी कस्टडी में ले लिया। 24 नवंबर को कोर्ट मामले में अपना निर्णय सुनाएगी।