Monday, 28 September 2020

दो देसी पिस्तौल, जिंदा कारतूस व स्मैक के साथ दो गिरफ्तार

रेवाड़ी 28 सितंबर(नवीन शर्मा)सीआईए रेवाड़ी ने रविवार की शाम को गांव गुजरीवास से दो युवक अवैध हथियार व स्मैक के साथ गिरफ्तार करने सफलता हासिल की है। आरोपियों की पहचान गांव भूड़ला निवासी सुखबीर व गांव गुजरीवास निवासी राजपाल उर्फ टिंकू के रूप में हुई है। आरोपियों से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। दोनों आरोपी लूट के मामले में जमानत पर जेल से आए थे।

जांचकर्ता ने बताया की सीआइए रेवाड़ी की टीम गांव करनावास के निकट गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव गुजरीवास के सरकारी स्कूल के पास उक्त दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर स्मैक बेचने की फिराक में घूम रहे है। सूचना के आधार पर सीआइए टीम मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने पुलिस को देख कर भागने का प्रयास किया। सीआइए टीम ने दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया। डीएसपी जमाल मोहम्मद भी मौके पर पहुंचे तथा दोनों की तलाशी ली। पुलिस ने आरोपी सुखबीर से एक देसी पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस तथा राजपाल उर्फ टिंकू से एक देसी पिस्तौल, एक कारतूस व 9 ग्राम 70 मिलीग्राम स्मैक बरामद कर ली। दोनों आरोपियों के खिलाफ कसौला थाना में आर्म्स एक्ट व मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।

Friday, 25 September 2020

CRIME BULLETIN 25 SEP 2020


रेवाड़ी 25 सितंबर(नवीन शर्मा)

ट्रैक्टर-ट्राली चोरी करने का दूसरा आरोपी गिरफ्तार:-

माडल टाउन थाना पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली चोरी करने के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अलवर के रामचंद्पुरा निवासी दीपक उर्फ दीपू के रूप में हुई है। जांच कर्ता ने बताया कि 4/5 सितंबर की रात को गांव कालाका निवासी जय सिंह के घर के सामने से ट्रैक्टर व अशोक कुमार के घर के सामने से प्रेशर ट्राली लोहा के टायर चोरी हो गए थे। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के बाद पुलिस ने गांव काठूवास निवासी आरोपी गर्वित को पहले ही गिरफ्तार कर ट्रैक्टर बरामद कर लिया था। वीरवार को पुलिस ने दूसरे आरोपी दीपक उर्फ दीपू को भी गिरफ्तार किया है।

 घर में घुस कर लूटपाट करने वाले तीनों आरोपी गिरफ्तार:-

सीआइए स्टाफ रेवाड़ी तथा थाना शहर पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए एक दुकानदार के घर में घुस कर लूटपाट करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों की पहचान गांव खेड़ा आलमपुर निवासी नरपाल उर्फ दिग्गी, हर्ष व आसियाकी गोरवास निवासी मोनू उर्फ भोंड के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांचकर्ता ने बताया की मोहल्ला जैनपुरी निवासी कैलाश चंद अग्रवाल का बारा हजारी में परचून का व्यापार है। 21 सितंबर की शाम को कैलाश चंद अपनी दुकान पर थे तथा घर पर उनकी पत्नी बीना अग्रवाल अकेली थी। इसी दौरान तीन युवक सामान लेने के झांसा देकर अंदर घुस गए थे तथा बीना अग्रवाल के साथ मारपीट शुरू कर दी थी और  चाकू दिखा कर कानों के टोपस छीन कर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। कार्यवाही करते हुए तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से लूट का सामान बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है.

 अवैध शराब बेचता एक गिरफ्तार, 109 बोतल देशी व अंग्रेजी शराब तथा बीयर की बरामद:-

      धारूहेड़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब बेचते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान भटसाना निवासी पारस के रूप में हुई है. जांचकर्ता ने बताया की वीरवार को गुप्त सूत्रों से खबर मिली की भटसाना में एक खाली प्लाट के पास गांव निवासी पारस अवैध शराब बेच रहा है. सुचना पर पुलिस ने रेड की तो मौके पर एक खाली प्लाट के पास झाडियों में एक व्यक्ति कुछ पेटिया रखे हुए था. जाँच में उन पेटियों में 87 बोतल देशी शराब, 12 बोतल बीयर तथा 10 बोतल अंग्रेजी शराब की बरामद हुई. पुलिस ने आरोपी पारस के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके मामले में आरोपी को शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया.


पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को साकार कर रहे हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी:- हिमांशु पालीवाल


रेवाड़ी 25 सितंबर(नवीन शर्मा) शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य पंडित हिमांशु पालीवाल ने बूथ संख्या 53 पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी 104 वी जयंती पर उन्हें नमन किया उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनसंघ के संस्थापकों में शामिल रहे पं. दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को ही साकार कर रहे हैं। उन्हीं की राह पर चलते हुए मोदी ने समाज में अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के कल्याण पर योजनाओं को केंद्रित किया है। उन्होंने बताया कि पंडित जी का सपना हर सिर को छत तथा हर पेट को भोजन था। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने इसी नीति का संकल्प लेकर योजनाएं शुरू की हैं। जिसके तमाम उदाहरण हैं। । इस मौके पर मौजूद बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे  स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त अभियान, जल संरक्षण जैसे मुद्दों का लोगों को महत्व समझना चाहिए और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने  कहा कि एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय ने गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिलाओं, वंचित और शोषित वर्ग के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान का सपना देखा था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसे ही साकार रूप देने में जुटे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, गरीबों के घर में मुफ्त बिजली कनेक्शन, गरीब को अनाज जैसे काम इसका प्रमाण हैं इस अवसर पर टीटू वर्मा ,दिनेश कुमार, राजू ,यशपाल, टिंकू ,अशोक, सुनील ,बृजेश ,राकेश व कमल आदि सहित अनेकों बूथ कार्यकर्ता उपस्थित थे|
 

Thursday, 24 September 2020

हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगवाना अनिवार्य:एसडीएम रविन्द्र यादव


रेवाड़ी, 24 सितंबर (नवीन शर्मा) उपमण्डल अधिकारी (नागरिक) एवं वाहन पंजीकरण प्राधिकरण रेवाडी रविन्द्र यादव ने बताया कि सभी पंजीकृत वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगवाना अनिवार्य है, अन्यथा मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 177 के अन्तर्गत वाहनों में यह प्लेट न लगाये जाने पर चालान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह रजिस्ट्रेशन प्लेट सम्बंधित अधिकृत डीलर तथा लिंक उत्सव रजिस्ट्रेशन प्लेट्स प्राईवेट लिमिटिड दूकान नंबर-308, सैक्टर-5 बीएमजी मॉल के सामने रेवाड़ी में लगवाई जा सकती है।
उपमण्डल अधिकारी (ना.) ने बताया कि हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट नहीं लगे होने के कारण चोरी तथा अपराध में शामिल होने की सम्भावना अधिक बढ जाती है जिससे पुलिस को परेशानी होती है। एसडीएम ने बताया कि वाहन से संबंधित जैसे लोन लेना, लोन हटवाना, गाड़ी ट्रांसफर करवाना आदि कार्य बगैर एचएसआरपी प्लेट के बिना नहीं किया जाएगा।
  उल्लेखनीय है कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय में दायर याचिका के अनुसार सभी प्रकार के पुराने व नए वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगवाना अति आवश्यक किया गया है जिसकी पालना कराने के लिए सरकार गम्भीर है।  

वीरवार को 77 कोविड पॉजिटिव नए मिले, 63 हुए ठीक

 

रेवाड़ी, 24 सितंबर(नवीन शर्मा)  जिलाधीश यशेन्द्र सिंह ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक 64652 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें 5263 कोविड-पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 4755 नागरिक कोविड संक्रमण से ठीक हुए हैं और अब तक 28 मरीजों की मौत हुई है। अब जिले में कोविड पॉजिटिव के 480 एक्टिव केस रह गए हैं तथा 58827 की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है तथा शेष 562 सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार है।
जिलाभर में 17 नागरिक क्वारंटीन किए गए हैं, जो विदेश व देश के अन्य हिस्सों से यात्रा करके आए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में कोविड पॉजिटिव के कुल 480 एक्टिव केस हैं, इनमें 41 विभिन्न अस्पतालों में व 21 जिला कोविड केयर सैंटर में एडमिट हैं, जबकि 418 कोविड मरीज होम आइसोलेट किए गए हैं।
सीएमओ रेवाड़ी द्वारा जारी मैडिकल हैल्थ बुलेटिन के अनुसार वीरवार को जिले से संबंधित 77 नए कॉविड पॉजिटिव केस आए हैं, जिनमें से 32 रेवाड़ी शहर,  16 धारूहेड़ा, 5 बावल, 3 मन्दौला, 2-2 कापड़ीवास व खटावली तथा एक-एक केस कोसली, बासदूधा, भाड़ावास, खोल, डहीना, गोकलगढ़, मालियावास, ढ़ालियावास, जाटूवास, खालेटा, लिसान, नाहड़, नांगल शहबाजपुर, चिरहाड़ा, सहारनवास, टांकड़ी व कंवाली से संबंधित हैं। वीरवार को जिले से संबंधित 63 कॉविड पॉजिटिव नागरिक ठीक हुए हैं, जिनमें से 28 रेवाड़ी शहर, 10 बावल, 8 वृद्घाश्रम, 3-3  धारूहेड़ा व गामड़ी, दो जाहिदपुर तथा एक-एक केस ढोकिया, बनीपुर, नठेड़ा, झाबुआ, जलियावास, कालूवास, करनावास, टूमना व बेरली कलां से संबंधित हैं।
जिलाधीश ने जिलावासियों का आहवान किया कि वे कोरोना संक्रमण की चैन को तोडऩे के लिए सरकार व जिला प्रशासन द्वारा जारी की जा रही हिदायतों की पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि दो गज की दूरी बनाए रखें, मुंह को मास्क से ढंककर रखें तथा अति आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें, बार-बार हाथ धोते रहें, तभी हम कोरोना संक्रमण चैन को ब्रेक करने व कोरोना को मात देने में कामयाब होंगे।
इन नंबरों पर लें मदद
  जिलाधीश ने कहा कि कोविड-19 की रोकथाम व उपचार के लिए हेल्प लाइन नंबर 01274-250764 मोबाइल नंबर 9466777510 और स्टेट हैल्प लाइन नंबर 1075 व 8558883911 पर मदद लें सकते हैं। उपायुक्त ने कहा कि जिलावासी मदद के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर डायल करें। बाजार में कालाबाजारी व जमाखोरी के लिए 01274-255214 पर संपर्क करें। बावल उपमंडल कंट्रोल रूम के हैल्पलाइन नंबर 01284-260016 तथा वाटसअप नंबर 8168115539 पर संपर्क करें।
....................

डीसी ने तपती धूप में किया मेरी फसल मेरा ब्यौरा का फिजिकल वैरिफिकेशन


--लाला गांव में नहीं मिला संतोषजनक कार्य

रेवाड़ी, 24 सितंबर(नवीन शर्मा) उपायुक्त यशेंद्र सिंह तपती धूप में लाला गांव में जाकर किसानों द्वारा मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अपलोड किए गए विवरण की फिजिकल वैरिफिकेशन की गई, जिसमें संतोषजनक कार्य न मिलने पर डीसी ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि वेरीफिकेशन के कार्य में जो खामिया मिली है उन्हें कल तक दुरूस्त किया जाए तथा यहां की दोबारा वेरीफिकेशन की जाएगी।
उपायुक्त ने मेरी फसल मेरा ब्यौरा के विवरण को सजरा से मिलान किया तथा टैब द्वारा पोर्टल पर अपलोड किया गया विवरण जांचा। डीसी ने मौके पर ही पटवारी के सजरे से फसल का मिलान किया तथा मिसमैच को खसरा से मिलान किया, तो लाला गांव का विवरण संतोषजनक नहीं पाया गया।
यशेन्द्र सिंह ने कहा कि किसानों का विवरण मिसमैच न हो, इसके लिए फसलों की फिजीकल वेरीफिकेशन की जा रही है। उपायुक्त ने बताया कि जिन किसानों का विवरण मिसमैच है उनकी जांच के लिए सरकार द्वारा फिजीकल वैरिफिकेशन के निर्देश दिए गए हैं। वैरिफिकेशन का कार्य एडीसी व डीआरओ 5-5 गांव, एसडीएम 10-10 गांव व अन्य दूसरे अधिकारी पांच-पांच गांव तथा शेष बचे हुए गांवों की वेरिफिकेशन सर्कल रिवेन्यू ऑफिसर, तहसीलदार व नायब तहसील द्वारा की जा रही है।
 उपायुक्त ने गिरदावर व पटवारी द्वारा की गई गिरदावरी की पड़ताल की भी जांच की। उपायुक्त यशेन्द्र सिंह दोपहर को तपती धूप में फिजिकल वैरिफिकेशन करने के लिए खेतों में पहुंचें। डीसी यशेन्द्र सिंह को जहां कहीं भी शंका नजर आई वहीं पर सजरा व टैब से मिलान किया। उपायुक्त द्वारा खेतों में ज्वार, बाजरा, कपास का टैब से मिलान किया तथा पटवारी के सजरे, टैब से किसानों द्वारा पोर्टल पर अपलोड किया गया विवरण जांचा।
उपायुक्त यशेन्द्र द्वारा गांव जखाला व बहुझोलरी में भी जाकर किसानों द्वारा मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अपलोड किए गए विवरण की फिजिकल वैरिफिकेशन भी की गई।
इस मौके पर डीआरओ विजय यादव, तहसीलदार प्रदीप देशवाल, नायब तहसीलदार पाल्हावास अजय कुमार, नायब तहसीलदार नाहड़ राजेन्द्र सिंह, सदर कानूनगो राजकुमार सहित गिरदावर व पटवारी भी उपस्थित रहे।

चौकीदारों के साथ समन्वय स्थापित करेगी पुलिस



रेवाड़ी 24 सितंबर(नवीन शर्मा)दक्षिण रेंज रेवाड़ी के पुलिस महानिदेशक विकास अरोड़ा के मार्ग दर्शन में पुलिस अधीक्षक अभिषेक जोरवाल ने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को ग्रामीण चौकीदारों समन्यव स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए है। पुलिस चौकीदारों से समन्वय स्थापित कर आपराधिक वारदातों व आपराधिक तत्वों पर शिकंजा कसने का प्रयास करेगी।

एसपी ने कहा कि सभी थाना व चौकी इंचार्ज अपने-अपने क्षेत्र के गांवों में चौकीदारों के साथ बैठक कर समन्वय स्थापित करें। सभी गांवों में रात के समय ठीकरी पहरा शुरू कराना भी सुनिश्चित किया जाए। रात के समय ठीकरी पहरा से गृहभेदन, वाहन व पशु चोरी की वारदाते रोकने में पुलिस को भी मदद मिलेगी। पुलिस के जवान किसी भी गांव से सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई करेंगे तथा मौके पर पहुंचेंगे। थाना प्रभारी यह भी सुनिश्चित करें कि सभी गांवों में ठीकरा पहरा प्रतिदिन लगाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त गांवों में चल रहे जमीन विवाद के कारण यदि झगड़े की संभावना है तो उसकी जानकारी भी चौकीदारों व ग्रामीणों के जरिए सूचनाएं प्राप्त करने का प्रयास किया ताकि झगड़े की स्थिति को पहले ही रोका जा सके। उन्होंने कहा कि चौकीदार पुलिस को सभी गांवों से जोड़े रखने के लिए अहम कड़ी साबित हो सकते है। समय-समय पर उनके साथ बैठक कर अपनी कार्ययोजना से भी अवगत कराएं। यह चौकीदारों की जिम्मेदारी होगी कि गांव में किसी भी प्रकार की घटना या विवाद की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि रात के समय गश्त के दौरान सभी जवान अपनी ड्यूटी पूरी मुस्तैदी के साथ करें। लापरवाही सामने आने पर विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। रात के समय लगने वाली नाकाबंदी के दौरान भी पुलिस के जवान असामाजिक तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई करें।