Sunday, 7 November 2021

श्री राम वाटिका हनुमान मंदिर में अन्नकुट महोत्सव 9 को//श्री शिवचन्द इष्टधारी करेंगे कार्यक्रम का शुभारंभ

श्री राम वाटिका हनुमान मंदिर में अन्नकुट महोत्सव 9 को//श्री शिवचन्द इष्टधारी करेंगे कार्यक्रम का शुभारंभ
 रेवाड़ी 7 नवंबर(नवीन शर्मा)
श्रीराम सत्संग भवन छिपटवाड़ा की ओर से तुर्कियावास रोड़ स्थित श्रीराम वाटिका व हनुमान मंदिर में 9 नवंबर मंगलवार को अन्नकुट महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। सत्संग भवन के गुरु शिवचंद इष्टधारी के सानिध्य में आयोजित होने वाले महोत्सव में हनुमान जी को अन्नकुट का भोग लगाया जाएगा। तत्पश्चात श्रीराम सत्संग प्रबंधक कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं को अन्नकुट का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

गौभक्तों की सुचना पर रेवाड़ी पुलिस ने मुक्त कराए 10 बेजुबान, एक पशु तस्कर काबू

 गौभक्तों की सुचना पर रेवाड़ी पुलिस ने मुक्त कराए 10 बेजुबान, एक पशु तस्कर काबू 
रेवाड़ी 7 नवंबर(नवीन शर्मा)
गौकशी को ले जाते हुए गौभक्तों की सुचना पर रेवाड़ी पुलिस ने 10 बेजुबानों को मुक्त कराते हए एक गौ तस्कर को काबू किया है। पुलिस को मिली सुचना की आधार पर नाकेबंदी कर 6 गायों व 4 बछड़ों को मुक्त कराया गया है। अंधेरे का फ़ायदा उठाते हुए दो गौ तस्कर मौके से फ़रार हो गए जबकि एक तस्कर को पुलिस पकड़ने में कामयाब रही। पकड़े गए आरोपी की पहचान तावडू निवासी तारीफ़ के रूप में हुई है। आरोपी तारीफ को आज अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जायेगा।
आपको बता दें कि मानेसर बजरंग दल की टीम को सूचना मिली थी कि चरखी दादरी से धारूहेड़ा होते हुए गौ तस्करों की गाड़ी मेवात की तरफ जा रही है। जिस सूचना पर रेवाड़ी बजरंग दल की टीम सक्रीय हुई, तथा धारूहेड़ा के जीतपुरा के पास बताई गई कैंटर को रुकवाने की कोशिस की गई। लेकिन गौ तस्करों ने गाड़ी को गाँव के कच्चे रस्ते से भगाने को कोशिश की, जिसके बाद काफी पीछा करने के बाद गौ क्रांति टीम प्रदीप डागर, गौरव रेवाड़ी टीम, भोकल पटौदी टीम मानेसर टीम मोनू मानेसर, पलवल शैलेंद्र हिंदू टीम सभी ने मिलकर गाड़ी को पकड़ा और भागते हुए एक गौ तस्कर को भी काबू कर लिया. जिसके अन्य साथ मौके से भाग निकले। जिस मामले में गौ भक्तों ने पुलिस को सूचना दी। पकड़ी गई गाडी को चेक किया गया तो उसके10 गौ वंशों को ठूंस–ठूंस कर भरा हुआ था। जिन्हें गाडी से निकालकर धारूहेड़ा नंदीशाला में भेज दिया गया। वहीँ पकडे गए गौ तस्कर के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर काबू कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी 22 वर्षीय तारीफ तावडू का रहने वाला है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पकड़े गए आरोपी तारीफ़ को आज अदालत में पेश क्र पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।

Saturday, 6 November 2021

विद्यार्थी को महान नागरिक बनाने में शिक्षा का अहम योगदान : डॉ बनवारी लाल


- कोसली सिथत विवेकानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में प्रतिभा सम्मान समारोह में सहकारिता मंत्री डॉ बनवारी लाल और कोसली के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
कोसली,6 नवंबर(नवीन शर्मा) हरियाणा के सहकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री डॉ  बनवारी लाल  ने कहा कि एक विद्यार्थी को महान नागरिक बनाने में माता पिता के बाद शिक्षक वर्ग का अहम योगदान होता है, शिक्षकों को चाहिए कि वो विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा देकर संस्कारवान बनाए। डॉ बनवारी लाल शनिवार को कोसली सिथत विवेकानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत करने उपरान्त अपना संबोधन दे रहे थे। इससे पहले मुख्य अतिथि सहकारिता मंत्री डॉ बनवारी लाल और कोसली के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को उनके प्रयासों के लिए हर स्तर पर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। इससे उनके भीतर आत्मविश्वास और बेहतर प्रदर्शन करने की भावना का संचार होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मानव को एक अच्छा इंसान बनाती है। शिक्षा में ज्ञान, उचित आचरण और तकनीकी दक्षता, शिक्षण और विद्या प्राप्ति आदि समाविष्ट होता है। प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में गुणवत्ता परक शिक्षा प्रदान करने की दिशा में अग्रसर है। सरकार की सोच है  युवा पीढ़ी को रोजगार परक शिक्षा देकर  उनका चहुँमुखी विकास किया जाए। आज हर क्षेत्र में हमारे विद्यार्थी आगे हैं,यह सब सरकार की विकास आधारित नीतियों का परिणाम है।

मुख्य अतिथि  डा बनवारी लाल ने आईआईटी मेंस 2020 में चयनित विद्यार्थी अंजलि गर्ग और प्रथम गर्ग तथा नीट 2021 परीक्षा में अग्रणी रहने पर पायल सिंगला और रमन शर्मा  सहित सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि बड़े गौरव की बात है कि अध्यापकों ने इस ग्रामीण क्षेत्र में होनहार छात्रों को तराशा,जिसके चलते विद्यार्थियों ने परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन कर सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपना गोल फिक्स करे और अपनी पढ़ाई करते रहे, एक ना एक दिन मंजिल जरूर मिलेगी। सभी छात्र अपने अध्यापकों का आदर करे और उनके दिखाए मार्ग दर्शन से कामयाबी हासिल करे।
 कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कोसली के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान किया। उन्होंने छात्र छात्राओं को प्रेरणादायक संदेश देकर उनका उत्साह वर्धन भी किया और कहा कि युवाओं के लिए संदेश है कि परीक्षा बेशक मुश्किल है, किंतु सफलता मिलने तक हौंसला न छोडें। केवल घंटों पढ़ने पर फोकस करने की बजाय आत्मसंतुष्ट होने तक पढ़ें। अपनी क्षमता को पहचाने और फिर लक्ष्य स्थापित कर उसे पाने के लिए दृढ निश्चय के साथ कडा परिश्रम करें। उन्होंने कहा कि  विद्यार्थी ओवरबर्डन होकर तनाव न लें, अपितु कमियों से सीखकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि विवेकानंद स्कूल के चार विद्यार्थियों ने आईआईटी मेन्स 2020 और नीट 2021 परीक्षाओं में अग्रिणी रहकर संस्थान का नाम रोशन किया है, जोकि हम सबके लिए गर्व और गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि चारों विद्यार्थी आज से ही समाज हित में काम करने लेकर जाएं।
 विवेकानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के निदेशक देवेन्द्र शर्मा ने सभी मुख्य मेहमानों का स्वागत करते हुए संस्थान की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने सहकारिता मंत्री डॉ बनवारी लाल,कोसली के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान दिया।
 इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष मा हुकम चंद यादव,राष्ट्रपति अवॉर्डी वयोवृद्ध छाजूराम, समाजसेवी सुभाष गर्ग, उदय भान,भाजपा नाहड़ मंडल अध्यक्ष सरदार सिंह बहाला, बसंत लोहिया, मदन लाल,डा मनीष शर्मा , रोहतास कुमार, देवेन्द्र शर्मा,प्रशांत एडवोकेट,तहसीलदार कोसली जितेंद्र कुमार,मा रमेश यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Friday, 5 November 2021

चाकू से हमला कर युवक की हत्या के मामले मे एक आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर लिया

चाकू से हमला कर युवक की हत्या के मामले मे एक आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर लिया
रेवाड़ी, 5 नवम्बर (नवीन शर्मा)
थाना शहर अंतर्गत गोकल गेट चौकी पुलिस ने चाकू से हमला कर युवक की हत्या करने के मामले मे कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रेवाड़ी के नई बस्ती निवासी यश उर्फ नन्नु के रूप मे हुई है।
रामअवतार सैनी निवासी मोहल्ला बल्लुवाडा ने पुलिस मे शिकायत दी थी कि उसका बेटा अमित बारा हजारी स्थित चाट भंडार पर काम करता था। बीते बुधवार की रात को अमित दुकान से मिठाई का डब्बा घर पर रखकर हमे ये कह कर गया था कि मैं दुकान का सामान रखवाकर आऊँगा। पूरी रात निकाल गई, लेकिन वह वापस घर नही लोटा। सुबह पता चला कि अमित के साथ कुछ लड़को ने मारपीट की तथा चाकू से भी वार किए और मौके से फरार हो गए। इसके बाद अमित को अस्पताल मे भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरो ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पिता की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने मामले मे संलिप्त एक आरोपी यश उर्फ नन्नु पुत्र अशोक कुमार निवासी नई बस्ती रेवाड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को आज अदालत मे पेश करके दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से विशेष प्रचार अभियान सोमवार से : दिनेश कुमार


- डीआईपीआरओ दिनेश कुमार ने बताया- आगामी 8 नवंबर से होगा अभियान का आगाज
- सात साल बेमिसाल थीम पर आधारित होगा अभियान
रेवाड़ी, 5 नवंबर(नवीन शर्मा)
हरियाणा सरकार द्वारा सात साल के कार्यकाल के दौरान अंत्योदय को ध्येय मानकर प्रदेश के प्रत्येक वर्ग के लिए उठाए गए कदमों को आमजन तक पहुंचाने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा की ओर से रेवाड़ी जिला में सोमवार, 8 नवंबर से आगामी 8 दिसंबर तक एक माह विशेष प्रचार अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान सात साल बेमिसाल थीम पर आधारित होगा।
डीआईपीआरओ दिनेश कुमार ने बताया कि रेवाड़ी जिले में विभाग की ओर से चलाए जाने वाले  विशेष अभियान का आगाज 8 नवंबर को होगा। 8 नवंबर से 8 दिसंबर तक एक माह चलाए जाने वाले इस अभियान के तहत विभाग की प्रचार-प्रसार मंडलियों द्वारा विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित कुमार अग्रवाल व डीसी यशेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में लोगों को सरकार की जनकल्याण से जुड़ी नीतियों के बारे में लोक गीतों व भजनों के द्वारा जागरूक किया जाएगा।
डीआईपीआरओ ने बताया कि इस विशेष प्रचार अभियान के दौरान विभाग की भजन मंडलियों द्वारा राज्य सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों, नीतियों व योजनाओं का प्रचार-प्रसार करवाते हुए जन-जन को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एक माह तक चलने वाले इस अभियान में जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र को कवर किया जाएगा और रोजाना हर गांव में शेड्यूल अनुसार विभाग की पार्टी दस्तक देते हुए भजनों व लोक शैली से आमजन को सरकार की जनहितकारी नीतियों से अवगत कराएगी। उन्होंने बताया कि विभागीय प्रचार मंडलिया लोक परम्परा के मुताबिक पूर्ण ड्रेस पहनकर लोगों के बीच पहुंचेगी और लोगों का सार्थक संदेश देंगी। उन्होंने बताया कि जिला रेवाड़ी को योजनाबद्ध ढंग से कवर करने के लिए विभाग की ओर से भजन पार्टियों को कार्यक्रम करने हेतु ब्यौरा दिया गया है जोकि रोजाना निर्धारित किए गए गांव में पहुंचकर कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगी।

Sunday, 31 October 2021

32 वर्ष का हुआ रेवाड़ी//1 नवंबर 1989 को मिला था जिले का दर्जा

रेवाड़ी 31 अक्टूबर(नवीन शर्मा)आज जिला रेवाड़ी 32 वर्ष का हो गया है। आज ही के दिन 1 नवंबर 1989 को सरकार ने रेवाड़ी को जिले का दर्जा दिया था। हालांकि कई दशक पहले ही रेवाड़ी को जिला बनना था, लेकिन राजनीतिक कारणों से इसमें देरी हुई। छह दशक पहले गुरुग्राम शहर से भी अधिक आबादी के ऐतिहासिक शहर रहे रेवाड़ी को जिला मुख्यालय का दर्जा हासिल करने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। यह सुखद संयोग है कि हरियाणा के जन्म दिवस के साथ जिला रेवाड़ी भी अपना जन्म दिवस मना रहा है।

रेवत-वाड़ी से बना रेवाड़ी

पीतल नगरी, अहीरवाल की राजनीतिक राजधानी, वीरभूमि व सैनिकों की खान जैसी कई उपमाओं से अलंकृत रेवाड़ी शहर का बेशक कोई प्रमाणिक लिखित इतिहास नहीं है, लेकिन लोक मान्यता व उपलब्ध साक्ष्य इस बात के गवाह हैं कि यह महाभारतकालीन नगर है। कहा जाता है लगभग 5500 वर्ष पूर्व यहां के शासक राजा रेवत थे। राजा अपनी पुत्री रेवती को प्यार से रेवा कहते थे। राजकुमारी रेवती का विवाह भगवान श्री कृष्ण के अग्रज बलराम दाऊ से किया और विवाह के समय यह नगर उसे दहेज में दे दिया। रेवाड़ी को पहले रेवा-वाड़ी कहा जाता था, जो बाद में समय के साथ बदलकर रेवाड़ी हो गया। रेवाड़ी को अहीरवाल का लंदन भी कहा जाता है। रेवाड़ी शहर के नाम पर जिला भी रेवाड़ी कहलाता है। पूरे जिले का भी सैन्य परंपरा का गौरवशाली इतिहास है। वीरभूमि रेवाड़ी ने स्वतंत्रता से पूर्व ही नहीं बल्कि बाद में भी वीरता का इतिहास रचा है। रेवाड़ी जिले में लगभग 35 हजार पूर्व सैनिक व वीरांगनाएं हैं, जबकि लगभग 25 हजार सैनिक व सैन्य अधिकारी सेवारत है। क्षेत्रफल के हिसाब से सेवारत व पूर्व सैनिकों का यह आंकड़ा देश के सभी जिलों से आगे है।

भविष्य का महानगर है रेवाड़ी

बेशक रेवाड़ी आज स्मार्ट सिटी नहीं है, लेकिन ड्राफ्ट मास्टर प्लान व फाइलों में आ चुकी योजनाओं पर निगाह डालें तो रेवाड़ी शहर का भविष्य आज के गुड़गांव महानगर से भी आगे है। आज रेवाड़ी जिला तुलनात्मक रूप से गुड़गांव से कुछ पीछे दिख रहा है, परंतु आने वाले समय में यहां पर एमबीआईआर (मानेसर-बावल इंवेस्टमेंट रीजन) नाम का अत्याधुनिक शहर विकसित होगा। नोएडा की तर्ज पर विकसित होने वाला यह शहर कब तक अस्तित्व में आएगा, इसकी ठोस भविष्यवाणी अभी संभव नहीं है, लेकिन मुंबई-दिल्ली औद्योगिक कारीडोर के मध्य इस शहर की परिकल्पना की जा चुकी है। उद्योग की कलात्मक कारीगरी के लिए रेवाड़ी एक जमाने में विश्वभर में प्रसिद्ध रहा है। हालांकि अब हाथ के हुनर की कद्र कम हुई है, लेकिन बर्तन तैयार करने वाले कुशल हस्तशिल्पी ठठेरा समाज के लोग आज भी बंटा-टोकणी व तामडी आदि तैयार करके पीतल नगरी का नाम सार्थक किए हुए हैं। विशेष बात यह है कि रेवाड़ी अब मेटल शीट्स में बड़ा बाजार बन चुका है। देश की कुल जरूरत का 80 फीसद कॉपर उत्पाद (कापर नहीं) रेवाड़ी में तैयार हो रहा है।

रेवाड़ी में आजादी अमृत महोत्सव थीम पर गरिमामयी ढंग से सांस्कृतिक संध्या के रूप में मनाया गया हरियाणा दिवस

- कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव व डीसी यशेन्द्र सिंह ने की सांस्कृतिक संध्या में शिरकत
- सांस्कृतिक संध्या में हरियाणवी सांस्कृतिक विधा के साथ देशभक्ति से सराबोर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की हुई प्रस्तुति
- राष्ट्र गीत वंदे मातरम से हुआ आगाज, राष्ट्र गान के साथ संपन्न हुआ समारोह
  रेवाड़ी, 31 अक्टूबर(नवीन शर्मा)
हरियाणा दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को रेवाड़ी जिलावासी आजादी अमृत महोत्सव थीम पर आधारित सांस्कृतिक संध्या में हरियाणवी संस्कृति से रूबरू हुए। हरियाणवी लोक शैली के साथ बाल भवन प्रांगण के ओपन एयर थियेटर में सांस्कृतिक मंच सजा जिस पर विख्यात लोक कलाकारों व स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा अपनी बेहतरीन प्रस्तुति देते हुए हरियाणा की गौरवगाथा को रेवाड़ी वासियों तक पहुंचाया गया। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग तथा जिला प्रशासन की ओर से संयुक्त भागीदारी के साथ आयोजित सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ कोसली से विधायक लक्ष्मण सिंह यादव व डीसी यशेंद्र सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। राष्ट्रगीत वंदे मातरम के साथ ओपन एयर थियेटर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरूआत हुई। सांस्कृतिक संध्या में राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता व अखंडता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई। विधायक व डीसी सहित अन्य अधिकारीगण बाल भवन परिसर में शिक्षा विभाग व कला परिषद की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
 आजादी अमृत महोत्सव वीर सपूतों के त्याग को समर्पित : विधायक 
हरियाणा दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर कोसली से विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि आज का यह महोत्सव देश के वीर शहीदों की शहादत व वीर सपूतों के त्याग को समर्पित है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से आज पूरे प्रदेश में आजादी अमृत महोत्सव थीम के साथ सांस्कृतिक संध्या को हरियाणा दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव युवा शक्ति को देश की गौरव गाथा का ज्ञान कराने के साथ ही हरियाणवी संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी जिला वीरों की भूमि है और सरकार ने यहां के 86 अमर शहीदों के नाम पर राजकीय विद्यालयों का नामकरण करते हुए वीर शहीदों की शहादत को सलाम किया है। 
सांस्कृतिक संध्या के माध्यम से हरियाणवी लोक शैली का कराया जा रहा है ज्ञान : डीसी
सांस्कृतिक संध्या में डीसी यशेंद्र सिह ने युवा शक्ति को प्रेरित किया कि हरियाणा का गौरवमय इतिहास रहा है और हमारी संस्कृति सार्थक स्वरूप के साथ देश में शोभायमान है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक संध्या के माध्यम से हरियाणवी लोक शैली का आमजन को ज्ञान कराने के साथ ही आजादी अमृत महोत्सव में हरियाणा के वीरों की भागीदारी को अवगत कराना है। देशभक्ति से सराबोर कार्यक्रमों का उद्देश्य युवा पीढ़ी में संस्कारों का समावेश करते हुए उनका कुशल मार्गदर्शन करना है। 
 बाल भवन ओपन एयर थियेटर में सजा सांस्कृतिक मंच 
सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग व जिला प्रशासन की ओर से आजादी अमृत महोत्सव के साथ मनाए जा रहे हरियाणा दिवस की सांस्कृतिक संध्या में विख्यात लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ आरपीएस, धारूहेड़ा द्वारा राष्ट्र गीत वंदे मातरम की प्रस्तुति के साथ किया गया। इसके उपरांत हरियाणा कला परिषद द्वारा शिव स्तुति, रावमावि पाल्हावास द्वारा हरियाणवी समूह नृत्य, प्रशांत मेहंदीरत्ता-हरियाणा कला परिषद् द्वारा आजादी गीत, मुकेश जांगड़ा हरियाणा कला परिषद द्वारा अमृत महोत्सव रागनी, अरमान, रावमावि बावल द्वारा हरियाणवी एकल नृत्य, सारथी नाट्य संस्था द्वारा हरियाणवी नाटिका, हरियाणा कला परिषद् द्वारा हरियाणवी धमाल, प्रख्यात कवि आलोक भांडोरिया व हलचल हरियाणी द्वारा काव्य पाठ, कुमारी रूबिया हरियाणा कला परिषद् द्वारा हरियाणवी समूहगान, गिरीशा सीवीपीएस, बेरली खुर्द द्वारा हरियाणवी एकल नृत्य, हरियाणा कला परिषद् द्वारा समूह नृत्य, राकवमावि रेवाड़ी द्वारा हरियाणवी एकल नृत्य, लावण्या फाउण्डेशन द्वारा हरियाणवी आर्केस्ट्रा की मनोहारी प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक संध्या में समा बांध दिया। मंच संचालन विख्यात साहित्यकार सत्यवीर नाहडिय़ा व डा.ज्योत्स्ना यादव द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद जयदीप कुमार, एसडीएम रविन्द्र कुमार, सीटीएम रोहित कुमार, डीएसपी मोनिका, डीडीपीओ एचपी बंसल, डीईओ राजेश कुमार, डीईईओ कपिल पुनिया,  डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, एआईपीआरओ सुरेश कुमार गुप्ता, अश्विनी शर्मा व जिला बाल कल्याण अधिकारी वीरेन्द्र यादव सहित रेवाड़ी जिला के शहीदों के परिजन व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
----------