Saturday, 2 January 2021

माउंट एवरेस्ट विजेता आशा झाझड़िया की एक और उपलब्धि, पीएचडी की डिग्री हासिल की

माउंट एवरेस्ट विजेता आशा झाझड़िया की एक और उपलब्धि, पीएचडी की डिग्री हासिल की
रेवाड़ी, 2 जनवरी (नवीन शर्मा)
रेवाड़ी निवासी माउंट एवरेस्ट विजेता आशा झाझड़िया ने नववर्ष के आगमन के साथ अपने जीवन की एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है।
आशा ने 42 वर्ष की उम्र में सिंघानिया विश्वविद्यालय झुंझुनू (राजस्थान) से प्रो उमाशंकर यादव के कुशल निर्देशन में अंग्रेजी साहित्य में शोध कार्य कर पीएचडी की डिग्री प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार जनों, शुभचिंतकों एवं मित्रों को गर्व है।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरु प्रो डॉ उमाशंकर, पति अजय सिंह एएसआई, अपने बच्चे प्रेरणा व तन्मय एवं प्रो सूर्यपाल यादव को दिया है। सिंघानिया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो डॉ उमाशंकर यादव ने उन्हें पीएचडी की डिग्री से अलंकृत किया और बधाई दी। उनकी इस उपलब्धि पर अनेक सामाजिक संगठनों, मित्रों एवं सहयोगियों ने बधाई के साथ सम्मानित किया।
गौरतलब है कि 22 मई 2017 को 39 वर्ष की उम्र में दो बच्चों की माँ होते हुए नौकरी पेशा, हिम्मत वाली आशा ने अपनी व्यवस्थाओं व आर्थिक तंगी को मात देते हुए विश्व के सर्वोच्च शिखर माउंट एवरेस्ट 8848.86 मीटर की ऊंचाई पर 2 वर्ष के कठिन परिश्रम के बाद प्रथम प्रयास में ही फतेह हासिल की और अपने तिरंगे के साथ "बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ" और "महिला सशक्तिकरण" का झंडा फहराया तथा भारत का पूरे विश्व में सम्मान बढ़ाया।