Tuesday, 23 November 2021

पुलवामा में शहीद हुए ज़िला रेवाड़ी के हरिसिंह को 2 साल 9 माह बाद मिला शौर्य चक्र


-शहीद की पत्नी राधा बाई को भेंट किया सम्मान
रेवाड़ी 23 नवंबर(नवीन शर्मा) जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए रेवाड़ी के गांव राजगढ़ के हरिसिंह (26) को उनकी शहादत के 2 साल 9 माह बाद शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। सोमवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह के दौरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शहीद की पत्नी राधा बाई को यह सम्मान भेंट किया। हरिसिंह अपने परिवार की सैन्य परंपरा को कायम रखने के लिए सेना में भर्ती हुए थे। उनके दादा श्योलाल सेना में थे और उनके बाद पिता अगड़ी सिंह भी सेना में ही ग्रेनेडियर थे। उनकी मृत्यु हो चुकी है। दादा व पिता के बाद हरि सिंह ने भी सैन्य परंपरा को कायम रखा। शहीद का करीब साढ़े 3 साल का बेटा है। हरिसिंह अपने पिता को ही आदर्श मानते थे। 
पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले के पश्चात सेना आतंकवादियों का सफाया कर रही थी। आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान 18 फरवरी 2019 को 55 आरआर बटालियन में तैनात हरिसिंह शहीद हो गए थे। रक्षा मंत्रालय की ओर से 15 अगस्त 2019 को शहीद हरी सिंह को शौर्य चक्र दिए जाने को मंजूरी दे दी गई थी। पहले मार्च 2020 में शहीद की पत्नी को शौर्य चक्र प्रदान करने की चर्चा थी, मगर आयोजन नहीं हो पाया। इस बीच कोविड-19 की दूसरी लहर का भी असर रहा। अब वह घड़ी आई, जब पत्नी के हाथ में शहीद पति के अदम्य साहस का सम्मान पहुंचा। सम्मान के वक्त राधा कुछ भावुक भी नजर आई, मगर पति की वीरतापूर्ण शहादत का फख्र भी उनके चेहरे पर साफ नजर आया।

 लश्कर के 2 आतंकी पकड़े तो थपथपाई थी पीठ

13 नवंबर 2018 को सेना की तरफ से आतंकियों के खिलाफ एक ऑपरेशन लॉन्च किया गया था। इसमें आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों को भारतीय जवानों ने गिरफ्त में लिया था। इस ऑपरेशन में ग्रेनेडियर हरिसिंह भी शामिल थे। इसके लिए कमांडिंग ऑफिसर कर्नल आरबी अलावेकर की तरफ से उन्हें प्रशस्ति पत्र भेजा था। पत्र में लिखा कि यह उपलब्धि आपके असाधारण साहस और कौशल को प्रदर्शित करती है।

शहीदों के बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा राष्ट्र : डा. बनवारी लाल


- सहकारिता मंत्री ने गांव आसलवास राउवि का नामकरण शहीद महेश के नाम पर किया
- प्रदेश सरकार मनोहर लाल के नेतृत्व में शहीदों को दे रही पूरा मान सम्मान, 
रेवाड़ी, 23 नवंबर (नवीन शर्मा)हरियाणा सरकार में सहकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री डा. बनवारी लाल ने कहा कि शहीद किसी परिवार, क्षेत्र व प्रदेश विशेष का नहीं बल्कि पूरे देश की अमूल्य धरोहर है जो युवा शक्ति को देशप्रेम की सीख देता है। देश की सीमाएं हमारे वीर सैनिकों की बदौलत सुरक्षित हैं और इनकी बदौलत ही हम सभी आजादी की खुली हवा में सुख व चैन की सांस ले रहे हैं। राष्टï्र शहीदों के बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।
सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल मंगलवार को गांव आसलवास के राजकीय उच्च विद्यालय का नामकरण शहीद महेश के नाम पर करने उपरांत आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि यह गौरव की बात है कि गांव के शहीद महेष ने देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्होंने कहा कि वे शहीद के परिजनों के प्रति कृतज्ञता जाहिर करते हैं। सहकारिता मंत्री ने इस अवसर पर शहीद महेश की वीरांगना को सम्मानित भी किया।
उन्होंने कहा कि हमारे देश के वीरों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। देश के वीर सैनिक जब सीमाओं की निगरानी में जगते हैं तब हम अपने घरों में चैन की नींद सोते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी शहीद महेश के जीवन से हमेशा सीख लेगी कि किस प्रकार हमारे वीर जवान हमारी सुरक्षा के लिए अपना सब कुछ बलिदान करने के लिए सदैव तैयार रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे शहीद के परिजनों के त्याग को नमन करते हैं।
*सरकार दे रही है वीर शहीदों को पूरा मान-सम्मान*
डा. बनवारी लाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत पहले से और अधिक शक्तिशाली और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार सैनिकों को पूरा मान-सम्मान दे रही है। श्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने से पहले रेवाड़ी में आयोजित सैनिक सम्मान रैली में सैनिकों के लिए वन-रैंक वन पैंशन की घोषणा की थी और प्रधानमंत्री बनते ही उस घोषणा को पूरा कर दिखाया, जिसका लाभ सबसे अधिक अहीरवाल के इस सैनिक बाहुल्य क्षेत्र को मिल रहा है।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मनोहर लाल के नेतृत्व में शहीदों को पूरा मान सम्मान दे रही है। सरकार द्वारा सहायता राशि को बढ़ाकर 20 लाख से 50 लाख किया गया है तथा शहीद परिवारों के 250 आश्रितों को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं में भी शहीदों के आश्रितों व परिवारों को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि रेवाड़ी जिला के 86 राजकीय विद्यालयों का नामकरण क्षेत्र के अमर शहीदों के नाम से रखकर सरकार ने वीर सपूतों की शहादत को नमन किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल अंत्योदय की भावना के अनुरूप कार्य करवा रहे हैं, जिसके लिए प्रदेश में परिवार पहचान पत्र योजना लागू की गई है, जिसके तहत 50 हजार रुपए सालाना आय से कम गरीब परिवारों को सरकार की योजनाओं का लाभ सबसे पहले दिया जाएगा। गांव के दौरे के दौरान उन्होंने गांव की समस्याएं सुनीं और उन्हें पूरा करने का आश्वासान दिया।

Monday, 22 November 2021

प्रधानमंत्री ने कृषि कानूनों को वापस लेकर मुद्दा विहीन विपक्ष की राजनीति को खत्म करने का किया काम:- वंदना पोपली

रेवाड़ी 23 नवम्बर(नवीन शर्मा)भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता वंदना पोपली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कृषि कानूनों को वापस लिए जाने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने बड़ा दिल करते हुए गुरुपूरब के दिन कृषि कानूनों को वापस लिया है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदैव राष्ट्र को तरज़ीह दी है। अपने संबोधन में जिस प्रकार मोदी जी ने कहा किसानों के लिए किया था और देश के लिए वापस ले रहा हूं इन्हीं शब्दों में प्रधानमंत्री मोदी जी की मूल भावना है।

भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने लगातार किसानों के हित में काम किए हैं चाहे किसानों के सीधा खाते में एक लाख बासठ हजार करोड पहुंचाने का काम हो या एमएसपी को बढ़ाने का काम हो किसानों के हित में मोदी सरकार सदैव खड़ी रही। कृषि बजट 5 गुना बढ़ाया गया प्रतिवर्ष खेती पर डेढ़ लाख करोड़ का खर्च किया जा रहा है । फसलों की रिकॉर्ड तोड़ खरीदारी मोदी सरकार के समय में ही हो रही है। 1 हजार से ज्यादा मंडियों को ई नेम से जोड़ा गया पशुपालक, मछली पालन को किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ मिलना शुरू हो गया है। माइक्रो इरिगेशन के फंड आवंटन को दुगना करके 10 हजार करोड़ किया गया है। फसल बीमा योजना के द्वारा किसान जोखिम फ्री खेती की तरफ बढ़ चुका है। पूरे देश में सोयल हेल्थ कार्ड बनवाए गए हैं। इसके अलावा ढांचागत विकास में भी कोई कमी नहीं छोड़ी गई है।

फसलों के उत्पादन के साथ साथ  उत्पादक या किसान की ताकत बढ़ाने के लिए काम करने वाली मोदी सरकार कृषि कानूनों को लाई उसके पीछे एक ही मकसद था कि देश के छोटे किसानों को और ताकत मिले,उनको अपनी उपज की सही कीमत मिले तथा उपज को बेचने के विकल्प मिले। मोदी जी ने स्वीकार किया है कि हम नेक नियत से इन कानूनों को लाए लेकिन कुछ किसानों को हम इन कानूनों के फायदे समझा नहीं पाए। वो कृषि कानून जो सुप्रीम कोर्ट ने निरस्त किए हुए थे तथा आंदोलनकारियों के साथ बातचीत के दौरान सरकार ने प्रस्तावित किया था कि इन कानूनों को डेढ़ साल के लिए सस्पेंड कर देते हैं। लेकिन बार-बार दबाव बनाया गया कि इन कानूनों को वापस लिया जाए विपक्षी पार्टियों के पास और कोई मुद्दा नहीं है इसलिए उन्होंने भी इन कृषि कानूनों को मुद्दा बनाया लेकिन प्रधानमंत्री मोदी जी ने विपक्षी पार्टियों की राजनीति को खत्म कर दिया है। मुद्दा विहीन विपक्ष मोदी जी के इस कदम से हतप्रभ है

वंदना पोपली ने कहा कि ये देश के प्रधानमंत्री की इच्छा शक्ति थी किसानों के लिए,उन को सशक्त करने के लिए लेकिन राष्ट्रहित के लिए उन्होंने इन कानूनों को वापस लेना स्वीकार किया। बहुत से लोग कहते हैं कि आने वाले चुनावों को देखकर यह कार्य किया गया लेकिन मेरा मानना यह है पिछले 1 साल में बहुत से चुनाव हुए जिसमें से अधिकतर पर भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई। हरियाणा में भी इनेलो की परंपरागत सीट ऐलनाबाद पर भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़ा और वह कांग्रेस पार्टी जो अपने आप को किसानों के समर्थन में दिखाती रही उस पार्टी की जमानत जप्त हो गई। किसानों को भी यह समझना होगा कि अगर पूर्ववर्ती सरकारों की नीतियां अच्छी होती तो किसानों के हालत ऐसे ना होते। जिन कृषि कानूनों को मोदी जी लेकर आए थे उन कृषि सुधारों के लिए समय-समय पर किसान,किसान संगठन,अर्थशास्त्री और किसान विशेषज्ञ लगातार मांग उठाते रहे हैंभारतीय जनता पार्टी की सरकार आने वाले समय में भी किसानों के लिए लाभकारी नीतियां बनती रहेंगी।

Thursday, 18 November 2021

सिंधु और टिकरी बॉर्डर पर जश्न// पीएम मोदी के तीनों कृषि कानून वापस लेने के ऐलान पर खुशी से झूमें किसान; बोले- हमारा संघर्ष जीता

सिंधु और टिकरी बॉर्डर पर जश्न// पीएम मोदी के तीनों कृषि कानून वापस लेने के ऐलान पर खुशी से झूमें किसान; बोले- हमारा संघर्ष जीता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 नवंबर को गुरु पर्व के मौके पर देश भर के किसानों को बड़ा तोहफा दिया है।पीएम मोदी ने तीनों नए कृषि कानूनों को वापस लेने का ऐलान कर दिया है। यह ऐलान होते ही दिल्ली के सिंधु और टिकरी बॉर्डर पर पिछले 1 साल से डटे किसान खुशी से झूम उठे। जश्न का माहौल है ।किसान एक दूसरे के गले मिलकर खुशी जाहिर कर रहे हैं । किसानों ने इसे लंबे संघर्ष की जीत बताया साथ ही बॉर्डर पर संयुक्त किसान मोर्चा ने इमरजेंसी मीटिंग बुला ली है ।
प्रधानमंत्री ने शुक्रवार सुबह राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार तीनों कृषि कानूनों को नेक नियत के साथ लाई थी।लेकिन भरपूर प्रयास के बाद भी यह बात हम किसानों को समझा नहीं पाए यह कहते ही पीएम मोदी ने कृषि कानून वापस लेने का ऐलान कर दिया और टिकरी बॉर्डर जश्न शुरू हो गया। आमतौर पर सुबह 9 बजे के आसपास दोनों बॉर्डर पर किसानों के मंच पर हल्की चहल-पहल होती है।लेकिन कृषि कानूनों पर वापस लेने की बात सुनते ही बड़ी संख्या में किसान मंच की तरफ पहुंचने शुरू हो गए हैं। किसानों में खुशी की लहर सिंधु और टिकरी बॉर्डर पर कई किलोमीटर एरिया में किसानों के टेंट लगे हुए हैं। हालांकि पहले के मुकाबले किसानों की संख्या बहुत कम है सर्दी का सीजन शुरू होते ही मंच 10 बजे के बाद ही सजता है। लेकिन शुक्रवार को कृषि कानून की वापसी के बाद किसानों ने अपने टेंट में ही जश्न मनाना शुरू कर दिया। साथ ही किसान आंदोलन स्थल पर बनाए गए मुख्य मंच की तरफ बढ़ रहे हैं। कुछ देर बाद रोजाना की तरह मंच पर भाषण शुरू होगा। लेकिन अब सरकार को कोसने की बजाए कानूनों की वापसी के संघर्ष और खुशी का इजहार किया जाएगा।

1 साल चला किसानों का संघर्ष

पिछले साल नवंबर में ही पंजाब की धरती से तीनों कृषि कानूनों का विरोध व किसानों का संघर्ष शुरू हुआ था। बाद में दिल्ली के सिंधु और टिकरी बॉर्डर पर किसानों ने डेरा जमा लिया। 1 साल से सर्दी-गर्मी के बीच किसान तीनों कृषि कानूनों को वापस कराने की मांग पर अडे रहे। पिछले 10 माह से किसानों और सरकार के बीच कानून वापसी को लेकर कोई बातचीत भी नहीं हुई । लेकिन शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम संबोधन में तीनों कृषि कानून को वापस लेने का ऐलान करके सबको चौंका दिया।

600 किसानों की चली गई जान 

कृषि कानूनों के विरोध में शुरू हुए किसान आंदोलन में अभी तक 600 से ज्यादा किसानों की जान जा चुकी है। किसी की हार्टअटैक से तो किसी की एक्सीडेंट में मौत हुई। इतना ही नहीं बहुत से किसानों ने आत्महत्या कर ली । आंदोलन लंबा चलने की वजह से किसानों में भी सरकार के प्रति रोष बढ़ता जा रहा था । इतना ही नहीं किसानों ने 1 साल पूरा होने पर 26 नवंबर को आंदोलन तेज करने के साथ ही 500 किसानों के साथ संसद कूच करने का ऐलान किया था। लेकिन शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री के किसी कानूनों को वापस लेने की बात करते ही किसानों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं है।

रेवाड़ी:- परिवार से मांगी एक करोड की फिरौती, नहीं मिली तो कर दी युवक की हत्या


रेवाडी 19 नवम्बर(नवीन शर्मा)
रेवाड़ी जिले के गांव कान्हड़वास निवासी एक 30 वर्षीय युवक की एक करोड़ की फिरौती के लिए दिल्ली में हत्या कर दी गई। आरोपियों ने युवक को बंधक बना लिया था। पुलिस और परिजन जब तक युवक तक पहुंच पाते, उससे पहले ही उसे मार दिया गया। मृतक का पूरा परिवार इस घटना से सहमा हुआ है तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परिवार से मांगी एक करोड़ की फिरौती 
 गांव कान्हड़वास निवासी योगेश के पिता का दिल्ली में डेयरी का बूथ था। उन्होंने वहां कई सालों तक कारोबार किया है। योगेश भी अपने पिता की मदद के लिए दिल्ली आता जाता था। योगेश के चाचा बीएस यादव ने बताया कि योगेश 16 नवंबर को दिल्ली में अपने खेतों में काम कराने के लिए मजदूर लेने गया था।
वह बिहार के कुछ युवकों के संपर्क में था। उन्हीं से बातचीत के बाद वह दिल्ली रवाना हो गया। आरोपियों ने योगेश का अपहरण कर लिया तथा उसे एक फ्लैट पर ले गए। उसी दिन आरोपियों ने योगेश के घर पर फोन कर 1 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। पता लगने पर पुलिस और परिजन पहुंचे तो वहां योगेश की हत्या किए जाने का पता लगा। परिजनों ने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

रेवाड़ी कोर्ट से गैंगस्टर फरार: चवन्नी मर्डर केस में आठ दोषी करार//जज की बात सुनते ही कार्यवाही के बीच से आलू गैंग का सरगना भागा


रेवाड़ी 19 नवंबर(नवीन शर्मा) 
एक बार फिर पुलिस सुरक्षा पर सवाल खडा हो गया है। कडी सुरक्षा के बावजूद गैंगस्टर सुनील डुलगच रेवाडी अदालत परिसर से फरार हो गया। आरोपी के फरार होने की सूचना से पुलिस प्रशासन मे अफरा तफरी मच गई।
हरियाणा के रेवाडी में हुए चवन्नी मर्डर केस में कोर्ट ने 8 लोगों को दोषी ठहराया है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस मामले में कोर्ट की सुनवाई के बीच ही दोषी ठहराया गया आलू गैंग का सरगना सुनील डुलगच गुपचुप तरीके से फरार हो गया। जबकि अन्य 7 दोषियों को पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है। 24 नवंबर को इस मामले में कोर्ट फैसला सुनाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2017 में रेवाड़ी शहर की दुर्गा कालोनी में रहने वाले देवेंद्र और नई आबादी निवासी संजय उर्फ चवन्नी बाइक पर धारूहेड़ा चुंगी से पुरानी तहसील की तरफ जा रहे थे। रास्ते में वाल्मीकि बस्ती निवासी सुनील डुलगच, योगेश उर्फ भोटा, तन्नू, अरुण के अतिरिक्त पवन, चेतन व सन्नी खड़े थे और दोनों पर गोली चला दी थी। दोनों गोली से बाल-बाल बच गए थे। गोली से बचने के बाद बदमाशों ने लोहे की रॉड व सरियों से हमला कर दिया था, जिसमें नई आबादी निवासी संजय उर्फ चवन्नी की मौत हो गई थी। सिटी पुलिस ने उक्त नामजद आरोपियों पर हत्या, हत्या का प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था।

एडिशनल जज की कोर्ट से फरार:

गुरुवार को चवन्नी मर्डर केस में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सरताज बासवाना की कोर्ट में सुनवाई थी। कोर्ट में सभी आरोपी मौजूद थे। कोर्ट द्वारा सभी 8 नामजद लोगों को मर्डर में दोषी करार दिया गया। जिस समय कोर्ट ने उन्हें दोषी करार दिया उसी बीच वाल्मीकि बस्ती निवासी आलू गैंग का सरगना कुख्यात बदमाश सुनील पुलिस को चकमा देकर वहां से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने अन्य 7 दोषियों को अपनी कस्टडी में ले लिया। 24 नवंबर को कोर्ट मामले में अपना निर्णय सुनाएगी।

बलिदानियों और वीर सैनिकों की शहादत के ऋणी हैं हम :ओपी धनखड़


- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष औम प्रकाश धनखड़ ने रेजांग ला शौर्य शहीद स्मारक रेवाड़ी में किया अमर शहीदों को नमन
- सहकारिता मंत्री डॉ बनवारी लाल, विधायक लक्षमण यादव व जिला अध्यक्ष हुकुमचंद यादव भी रहे श्रद्घाजंलि सभा में मौजूद  
- टांकड़ी गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में भी शरीक हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व सहकारिता मंत्री
 रेवाड़ी, 18 नवंबर(नवीन शर्मा)
हम ऋणी हैं उन वीरों के जिन्होंने आजादी के आंदोलन और आजादी की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोतम बलिदान दिया है। आजादी के अमृत महोत्सव के साल में हर वीर को याद करना हमारा कर्तव्य है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष औम प्रकाश धनखड़ ने  रेवाड़ी स्थित रेजांग ला शौर्य शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर सैनिकों की शहादत को नमन करने उपरांत यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारत-चीन युद्घ (1962) के दौरान मां भारती रक्षा करते हुए अहिरवाल क्षेत्र के 114 जवानों ने अपने अदम्य साहस और सर्वोत्तम बलिदान की बदौलत सैन्य इतिहास में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करवा लिया।
धनखड़ ने कहा कि आज दुनिया रेजांग ला पास को अहीर धामपुर के नाम से भी जानती है। हमें यह कहते और युवा पीढ़ी को बताते हुए गर्व व गौरव की अनुभूति होती है कि चुशुल क्षेत्र मेंं तैनात 13 कुमाऊं रेजिमेंट के सभी 120 जवान अमर शहीद राव तुलाराम जैसे वीर योद्घाओं की पवित्र धरा से थे। इनमें 114 जवानों ने अपने जीवन का बलिदान देते हुए चीन के 1300 सैनिकों को 16 हजार फीट ऊंची बर्फिली पहाडिय़ों पर धराशायी कर दिया था। भारतीय सैनिकों के पराक्रम के आगे चीनी सेना को हथियार डालने पड़े। 
 
धनखड़ ने कहा कि पीएम मोदी के सशक्त नेतृत्व में आजादी के बलिदानियों और आजादी की रक्षा के दौरान हुए शहीदों की शहादत को अमर बनाने के लिए पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव वर्ष मना रहा है। हमारा सभी का यह प्रयास होना चाहिए कि सभी ज्ञात-अज्ञात वीर शहीदों की गौरव गाथा पब्लिक डोमेन में आए। यहीं वीरों की शहादत को सच्ची श्रदाजंलि होगी। प्रदेश अध्यक्ष ने श्रद्घाजंलि सभा मेंं मौजूद वीर नारियों व पूर्व सैनिकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि भाजपा आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष मेंं शहीदों के इच्छुक परिजनों शहीद स्मारकों की निशुल्क यात्रा करवाएगी। प्रत्येक शहीद की गौरव गाथा और देश के विभाजन की त्रासदी को युवा पीढ़ी तक
पहुंचाया जाएगा।
  प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ बनवारी लाल ने रेजांगला युद्घ के वीर शहीदोंं को नमन करते हुए कहा कि हमारे अहिरवाल के 114 वीर सैनिकों ने जो अद्ïभूत पराक्रम दिखाया और अपने जीवन का बलिदान दिया। आजादी के आंदोलन में अमर शहीद राव तुलाराम की अगुवाई मेंं क्षेत्र के अनेकोंनेक वीरों ने अपनी शहादत दी। यह क्षेत्र हमेंशा  देश की रक्षा के लिए अग्रणी रहा है। हमारे युवा जवान होते ही अपने पूर्वजों के बलिदान से प्रेरित होकर सेना मेंं भर्ती होने की तैयारी मेंं जुट जाते हैंं। यह समृद्ध परंपरा इस क्षेत्र के इतिहास को गौरवशाली बना देती है। श्रद्घाजंलि सभा में कोसली से भाजपा विधायक लक्षमण यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष हुकुमचंद यादव सहित अनेक गणमान्य लोगों व विभिन्न संगठनों के लोगों ने रेजांग ला के अमर शहीदों को नमन किया।
टांकड़ी गांव में पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व सहकारिता मंत्री :
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ व सहकारिता मंत्री डा.बनवारी लाल गांव टाकड़ी में महंत गरीबदास साधा मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में भी पहुंचे। उन्होंने महंत गरीबदास गद्दी पर नमन किया और प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में महंत कमल सागर व संत गरीबदास फाउंडेशन छुड़ानी धाम एवं प्रदेश प्रमुख डेरा समंवय विभाग भाजपा हरियाणा आंनद सागर ने अतिथिगण का स्वागत करते हुए आयोजन के उद्देश्य से अवगत कराया।
----------