Thursday, 28 October 2021

पुरूष कांस्टेबल परीक्षा के मद्देनजर लगाई धारा 144, 31 अक्टूबर से 38 केन्द्रों पर होगी परीक्षा


रेवाड़ी, 28 अक्टूबर(नवीन शर्मा)
डीएम यशेन्द्र सिंह ने भारतीय दंड प्रक्रिया नियमावली 1973 के अंतर्गत प्रदत शक्तियों का प्रयोग करते हुए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग पंचकूला द्वारा जिला में बनाए गए 38 परीक्षा केन्द्रों पर आगामी 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आयोजित होने वाली पुरूष कान्स्टेबल (जीडी) की परीक्षा के मद्देनजर जिले के सभी परीक्षा केन्द्रों पर धारा 144 लागू करने के आदेश जारी किए हैं।
डीएम ने जारी आदेशों में कहा है कि परीक्षा के दौरान कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने व परीक्षा का सुचारु रुप से संचालन करने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों के आसपास 200 मीटर की परीधि में धारा 144 लागू रहेगी। इस अवधि के दौरान किसी भी व्यक्ति को परीक्षा केन्द्र की 200 मीटर की परीधि में किसी भी प्रकार का हथियार, मोबाईल फोन, वाई-फाई यंत्र ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी और ना ही 5 या इससे अधिक व्यक्तियों को एकत्रित होने की अनुमति होगी।
डीएम ने अपने आदेशों में कहा है कि परीक्षा केन्द्रों की 200 मीटर की परिधि में फोटो स्टेट की सभी दुकानें व कोचिंग सैंटर्स बंद रहेंगे। परीक्षा केन्द्र के अंदर अनाधिकृत व्यक्ति के प्रवेश करने पर भी प्रतिबंध रहेगा। यह आदेश पुलिस व डयूटी पर तैनात कर्मचारियों पर लागू नहीं होगें।

रेवाड़ी गैंगरेप में तीन दोषी करार:कल होगा सजा का ऐलान// 3 साल पहले 12वीं की CBSE टॉपर के साथ हुई थी वारदात

रेवाड़ी गैंगरेप में तीन दोषी करार:कल होगा सजा का ऐलान// 3 साल पहले 12वीं की CBSE टॉपर के साथ हुई थी वारदात
रेवाड़ी 28 अक्टूबर(नवीन शर्मा)
हरियाणा के बहुचर्चित रेवाड़ी गैंग रेप मामले में 3 साल बाद नारनौल की क्राइम अगेंस्ट वूमेन स्पेशल कोर्ट ने तीन युवकों को दोषी करार दिया है। पांच आरोपियों को बरी कर दिया गया है। न्यायाधीश मोना सिंह की अदालत तीनों को शुक्रवार को सजा सुनाएगी। 12 सितंबर 2018 को रेवाड़ी के कोसली क्षेत्र की रहने वाली 12वीं क्लास की सीबीएसई टॉपर छात्रा के साथ गैंगरेप की वारदात हुई थी। पीड़ित छात्रा उस दिन अपने घर से महेंद्रगढ़ जिले की कनीना में कोचिंग के लिए गई थी। कनीना बस स्टैंड से मुख्य आरोपी निशुफोगाट,पंकज फौजी व मनीष ने उसे कार में अगवा कर लिया था। पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश किया। नशे की हालत में उसे एक सुनसान जगह कोटडे में ले गए। जहां तीनों युवकों ने उसके साथ गैंगरेप किया। उसके बाद लड़की को कोटडे पर ही छोड़कर फरार हो गए थे ।इतना ही नहीं बल्कि लड़की के कोटड़े में पड़े होने की सूचना भी दोषियों ने ही उसके परिजनों को दी थी। इस वारदात के बाद परिजन पुलिस के पास पहुंचे तो उनकी सुनवाई नहीं हुई फिर रेवाड़ी में जीरो एफआईआर दर्ज करके कनीना भेजी गई। रेवाड़ी गैंगरेप का यह मामला कई दिनों तक देशभर में सुर्खियों में रहा जिसके चलते ही रेवाड़ी पुलिस की भी काफी किरकिरी हुई थी। इस मामले में तत्कालीन रेवाड़ी महिला थाना प्रभारी व कनीना थाना प्रभारी को सस्पेंड करने के साथ ही रेवाड़ी के तत्कालीन एसपी राजेश दुग्गल का भी तबादला कर दिया गया था।
SIT ने पकड़े थे 8 आरोपी
मामले की जांच के लिए सीनियर आईपीएस अफसर नाजनीन भसीन के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी। 4 दिन बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी निशु फोगाट को गिरफ्तार किया था। उसके बाद मनीष, पंकज फौजी सहित कोटडे के मालिक दीनदयाल,नवीन,अभिषेक,मनजीत व संजीव को गिरफ्तार किया गया था। कोटडे के मालिक दीनदयाल, नवीन, अभिषेक मनजीत व संजीव को बरी कर दिया गया है। इन पर आईपीसी धारा 202 ,118 ,216 का चार्ज लगा था।
कई दिन अस्पताल में भर्ती रही थी पीड़िता
गैंगरेप की जघन्य वारदात को इसी से समझा जा सकता है कि लड़की की हालत बहुत खराब हो गई थी। कई दिनों तक पीड़िता का रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल में इलाज चला था। पीड़िता का हालचाल जानने के लिए देश भर के नेताओं का रेवाड़ी में जमावड़ा लग गया था ।पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से लेकर कई अन्य बड़े नेता पीड़िता के परिवार से मिलने पहुंचे थे।

Wednesday, 27 October 2021

भाजपा का 7 लाख को राम राम कार्यक्रम//प्रदेश प्रवक्ता वंदना पोपली अपनी टीम के साथ लोगों से हुई रूबरू

-मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार के 7 साल पूर्ण होने व पार्टी के संस्थापक डॉ. मंगलसेन की जयंती के अवसर पर पूरे हरियाणा में चलाया जा रहा है कार्यक्रम
-कार्यक्रम का उद्देश्य मनोहर सरकार की नीतियों को आगे बढ़ाना 
रेवाड़ी 27 अक्टूबर(नवीन शर्मा)
हरियाणा भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार के 7 साल पूर्ण होने तथा पार्टी के संस्थापक डॉ. मंगलसेन की जयंती के अवसर पर पार्टी की ओर से चलाए जा रहे भाजपा के 7 लाख को राम राम कार्यक्रम के तहत आज शहर के मॉडल टाउन इलाके में बीपीएल परिवारों से भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता वंदना पोपली अपनी टीम के साथ रूबरू हुई। 

इस कार्यक्रम के तहत उन्होंने सभी परिवारों से खास तौर पर मिलकर उनसे राम – राम कहा तथा उनको सरकार की ओर से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आग्रह भी किया गया है। इस कार्यक्रम कर तहत हर बूथ पर प्रत्येक परिवार को भाजपा की ओर से कपड़े का थैला दिया गया, जिसमें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लेकर हासिल उपलब्धियों से जुड़ी जानकारी वाली सामग्री रखी हुई थी। 

उन्होंने कहा कि जो लोग जानकारी नही। होने के कारण सरकार की योजनाओं से वंचित हो जाते हैं, उनको जानकारी देने के लिए भाजपा के कार्यकर्त्ता घर – घर पहुंचें। वन्दना पोपली ने कहा कि बहुत बार यह कहा जाता था कि नेता चुनाव जीतने के बाद पांच साल में जनता के बीच कम दिखाई देते हैं लेकिन भाजपा और मौजूदा हरियाणा सरकार में ऐसी कोई परम्परा नहीं। हम लगातार लोगों के बीच में जा रहे हैं ताकि उनको सरकार की योजनाओं से अवगत कराया जा सके। 

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस कार्यक्रम के माध्यम से मनोहर सरकार की नीतियों को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के 42 विभागों की सैंकड़ों योजनाएं ऑनलाइन हो चुकी है और अब जनता को सरकारी कार्यालयों में बेवजह धक्के खाने की आवश्यकता नहीं। आज बीपीएल परिवारों से मिलने वाली टीम में उनके साथ रेवाड़ी मंडल प्रभारी दीपा भारद्वाज, नीरू भारद्वाज शामिल रहे।

18 साल से अधिक आयु वर्ग के युवा अवश्य बनवाएं वोट//मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य एक नवंबर से शुरू : डीसी

- जिला निर्वाचन अधिकारी ने ली राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित संबंधित अधिकारियों की बैठक
- डीसी यशेंद्र सिंह ने किया आह्वान, 18 साल से अधिक आयु वर्ग के युवा अवश्य बनवाएं वोट
रेवाड़ी, 27 अक्टूबर(नवीन शर्मा) जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी यशेन्द्र सिंह ने बतायाा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एक जनवरी 2022 को आधार तिथि मानकर जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों रेवाड़ी, बावल व कोसली की मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य आगामी एक नवंबर से 30 नवंबर तक किया जाएगा। इस अवधि में 18 साल से अधिक आयु वर्ग के युवाओं का वोट बनवाना उद्देश्य रहेगा जिसमें निर्वाचन कार्यालय के साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित पंचायत, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग की सक्रिय भागीदारी रहेगी। डीसी बुधवार को लघु सचिवालय सभागार में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षात्मक बैठक ले रहे थे।
डीसी यशेंद्र सिंह ने कहा कि मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन एक नवंबर को कर दिया जाएगा। यह सूची हर एक बीएलओ के पास उपलब्ध होगी। इस सूची को देखने के बाद ही कोई व्यक्ति वोट बनवाने, वोट कटवाने या शुद्धि करवाने के लिए अपना फार्म भरकर दे सकता है।
विद्यालयों में बनें मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे बीएलओज : डीसी
जिला निर्वाचन अधिकारी यशेंद्र सिंह ने बताया कि रेवाड़ी जिला में विद्यालयों में बनें मतदान केंद्रों पर एक नवंबर से 30 नवंबर तक सभी बीएलओज मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि जिला के कोई भी व्यक्ति उक्त मतदान केंद्रों पर पहुंचकर निर्धारित आयु के प्रमाण पत्रों सहित वोट बनवा सकता है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि वे एक नवंबर से लेकर 30 नवंबर तक प्रात: 9 बजे से लेकर सांय 5 बजे तक स्कूल खुलवाना सुनिश्चित करें ताकि योग्य पात्र व्यक्ति के वोट बनाए जा सकें । इसके अलावा सभी शिक्षण संस्थाओं में भी विद्यार्थियों के वोट बनाए जाने सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने बताया कि जिला के सभी मतदान केंद्रों पर शनिवार, 13 और रविवार, 14 नवंबर तथा शनिवार, 27 व रविवार, 28 नवंबर को निर्वाचन विभाग की ओर से दावें और आपत्तियां प्राप्त करने का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन अवकाश के दिनों में भी बीएलओ सुबह नौ से शाम पांच बजे तक अपने-अपने बूथ पर मौजूद रहेंगे।
दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए मतदान केंद्र पर होगी रैंप की व्यवस्था :
डीसी यशेंद्र सिंह ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश कि वे योग्य दिव्यांग पात्रों के वोट बनवाने में अपना दायित्व निभाएं और उनकी सूची निर्वाचन विभाग को भी उपलब्ध करवाएं ताकि मतदान केंद्रों पर रैंप की व्यवस्था समयानुसार की जा सके। उन्होंने पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर पर मुनादी करवाएं और लोगों को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में भागीदार बनवाते हुए बीएलओ से संपर्क कर वोट बनवाएं। उन्होंने राजनीतिक पार्टी प्रतिनिधियों को भी इस मुहिम में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि एक नवंबर से 30 नवंबर तक तीनों विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं से दावें और आपत्तियां ली जाएंगी। जो भी युवा एक जनवरी 2022 को 18 साल की आयु पूरी कर लेता है, वह इस अवधि में वोट बनवाने के लिए अपना फार्म भर सकता है। ऐसे में कार्यकर्ताओं के माध्यम से निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर योग्य मतदाताओं के वोट बनवाए जा सकते हैं।
-वोटर हेल्पलाइन ‘गरूड़’ का अधिक से अधिक लाभ उठाएं मतदाता : जिला निर्वाचन अधिकारी
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग की वोटर हेल्पलाइन एप ‘गरूड़’ के माध्यम से अब व्यक्ति अपना वोटर कार्ड ऑनलाइन माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके साथ ही वोटर कार्ड से जुड़ी अन्य सेवाओं के लिए इस एप का सहयोग लिया जा सकता है। कोई भी नागरिक निर्वाचन से संबंधित विभिन्न जानकारियां, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने अथवा संशोधन कराने के लिए फार्म नंबर 6, 7, 8 एवं 8-ए आदि के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकता है।
इस अवसर पर एसडीएम रेवाड़ी रविंद्र यादव, एसडीएम कोसली होशियार सिंह, सीटीएम रोहित कुमार, डीडीपीओ एच.पी बंसल सहित राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कैप्शन : रेवाड़ी लघु सचिवालय सभागार में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों व राजनीतिक प्रतिनिधियों की बैठक लेते डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी यशेन्द्र सिंह।

Saturday, 23 October 2021

गंगायचा टोल प्लाजा पहुंची कलश यात्रा, किसान नेताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि

-गंगायचा टोल प्लाजा पहुंची कलश यात्रा, किसान नेताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि
रेवाड़ी 23 अक्टूबर(नवीन शर्मा)
लखीमपुर खीरी में शहीद हुए किसान और पत्रकार की अस्थि कलश यात्रा  गंगायचा टोल प्लाजा पर पहुंची, जहां संयुक्त किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष कामरेड राजेंद्र सिंह एडवोकेट, टोल प्लाजा के प्रधान टाइगर जोगिंदर सिंह, भारतीय किसान यूनियन चढूनी के जिला प्रधान समय सिंह, भारतीय किसान यूनियन के नेता रामकिशन महल्लावत, ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के जिला सचिव रामकुमार निमोद, जय किसान आंदोलन के नेता मा धर्मसिंह, धनखड़ खाप के प्रधान डॉ ओमप्रकाश धनखड़ को अस्थि कलश यात्रा को सुपर्द किया।
टोल प्लाजा पर कलश को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई और शहीदों की तस्वीरों पर माल्यार्पण किया गया। अस्थि कलश आने वाले किसान नेताओं का फूलमालाओं के साथ सम्मान किया गया। किसान आंदोलन जिंदाबाद, तीन काले कृषि कानून वापस लो, शहीद किसान अमर रहे इत्यादि नारों से आकाश गूंज उठा। श्रद्धांजलि सभा का संचालन समय सिंह ने किया।
कॉमरेड राजेंद्र एडवोकेट ने ने कहा कि मृतप्राय तीन काले कृषि कानून को दफना कर ही दम लेंगे। किसान नेता अभय सिंह, सतपाल, विजय कुमार, अशोक मूसेपुर, भजनलाल, कमल सिंह यादव उमेश कुमार, कुलदीप सिंह बूढ़पुर, चुन्नीलाल, सभा चांद, बलराम यादव, अमृतलाल, राकेश कुमार, राजपाल, धर्मसिंह राजपुरा समेत सैकड़ों की संख्या में किसान मजदूरों ने श्रद्धांजलि सभा में हिस्सा लिया और गंगायाचा टोल प्लाजा से अस्थि कलश यात्रा शाहजहांपुर बॉर्डर के लिए पूरे काफिले के साथ शहीदों के सम्मान में नारे लगाते हुए आगे बढ़ गई। टोल प्लाजा पर किसान नेता रामचंद्र सिंह, जयकरण दलाल, जोगिंदर नैन इत्यादि ने संबोधित किया।

Friday, 22 October 2021

ऐलनाबाद उपचुनाव में नियमों की उड़ाई धज्जियां:- डॉ राजपाल यादव

-भारी धन बल व सरकारी मशीनरी को किया जा रहा है दुरुपयोग 
-ओछे हथकंडे अपना रही बीजेपी-जेजेपी  गठबंधन सरकार
 रेवाड़ी 22 अक्टूबर(नवीन शर्मा) इनेलो जिला प्रधान डॉ राजपाल यादव ने अपने रेवाड़ी जिले की टीम के साथ ऐलनाबाद उपचुनाव में एक सप्ताह जमकर प्रचार किया और कहा कि ऐलनाबाद उपचुनाव में जिस प्रकार से जो डर का माहौल बनाया जा रहा है उससे यह साफ है कि बीजेपी जेजेपी हलोपा की पार्टियां जमकर धनबल का दुरुपयोग कर रही है। वहीं सरकारी मशीनरी का पूरा दुरुपयोग किया जा रहा है। भारी अर्द्धसैनिक बलों को इस चुनाव में बुलाकर डर का माहौल बनाया जा रहा है। इसके बावजूद भी इस चुनाव में बीजेपी जेजेपी गठबंधन और कांग्रेस के उम्मीदवार की जमानत जब्त होना तय हो चुका है। क्योंकि ऐलनाबाद हलके की जनता एक बार फिर से चौ अभय चौटाला को भारी बहुमत से जिताने का मन बना चुकी हैं। डॉ राजपाल यादव ने ऐलनाबाद हलके के विभिन्न गाँवो में प्रचार के दौरान लोगों से  वोटो की अपील की। चुनाव प्रचार से आने के बाद डॉ राजपाल ने बताया कि ऐलनाबाद का उपचुनाव अपने आप में ऐतिहासिक होगा जो सरकार की पोल खोलने का काम करेगा वही सत्ता के घमंड चोर बीजेपी जेजेपी गठबंधन की सरकार की असलियत को जनता के सामने लाने का काम करेगा ।
इस चुनाव में जहां आज के माहौल के अनुसार एक तरफा जीत चौधरी अभय सिंह चौटाला की  नजर आ रही हैं वहीं कांग्रेस और बीजेपी के उम्मीदवार अपनी जमानत बचाने के लिए ओछे हथकंडे अपनाने से भी पीछे नहीं हट रहे। राजपाल यादव ने कहा कि  इतनी भारी फोर्स एक हलके के चुनाव में लगाना यह साफ कर रहा है सरकार जनता के विरोध से डरी हुई है  यही नही इस चुनाव में एक साधारण से कार्यकर्ता को कमांडो व फोर्स उपलब्ध करा कर  सत्ता का दुरूपयोग किया जा रहा है । इस प्रकार के मामलों पर चुनाव आयोग को संज्ञान लेना चाहिए ताकि निष्पक्ष चुनाव हो सके। क्योंकि उम्मीदवार को सुरक्षा प्रदान कराना कोई बड़ी बात नहीं है लेकिन छोटे से छोटे कार्यकर्ता को भी बड़ी सिक्योरिटी उपलब्ध कराई जाएगी तो उसके क्या मायने होंगे। इससे ये पूरी तरह साफ हो गया कि सरकार को ऐलनाबाद उपचुनाव में अपनी  हार साफ नजर आ रही हैं।

Friday, 27 August 2021

Delhi Breaking News

दिल्ली में स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग सेंटरों को चरणबद्ध तरीके से फिर से खोलने का फैसला किया गया है।

1 सितंबर से सभी स्कूलों में कक्षा 9 से 12 तक, सभी कोचिंग कक्षाओं के साथ-साथ सभी कॉलेजों को फिर से शुरू करने की अनुमति दी जाएगी।